मप्रः ड्यूटी के दौरान मतदान कर्मी की हार्ट अटैक से मौत

Share

बैतूल, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। गुरुवार को जिला मुख्यालयों से मतदान दलों को सामग्री के साथ मतदान केंद्रों पर रवाना कर दिया गया है। मतदान सामग्री का वितरण करने के दौरान मुलताई में ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी की हृदयाघात से मौत हो गई। बताया गया है कि अचानक उनके सीने में दर्द उठने की शिकायत की के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मुलताई एसडीएम तृप्ति पटेरिया ने बताया कि मुलताई नगर के कन्या शाला बूथ क्रमांक 123 पर पी-3 के पद पर तैनात शाहपुर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में चौकीदार के पद पर पदस्थ भीमराव (55) पुत्र भोजू के सीने में दर्द उठा। जिसके बाद वे स्ट्रांग रूम के पास मतदान दलों के लिए सामग्री वितरण करने के लिए बनाए गए स्थल पर पहुंचे। भीमराव की जगह दूसरे कर्मचारी को नियुक्त कर दिया गया था और उनको सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

अचानक कर्मचारी की मौत की खबर लगते ही सेक्टर अधिकारी अस्पताल पहुंचे और उनके परिजनों को सूचना भेजी है।

जिले में 1581 मतदान केंद्रों पर 12 लाख 23 हजार से अधिक मतदाता

बैतूल के उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद ने बताया कि जिले के 1581 मतदान केंद्रों पर 12 लाख 23 हजार 483 मतदाता अपने अधिकारों का उपयोग करेंगे। गुरुवार को मतदान सामग्री का वितरण किया गया। इसके बाद मतदान दल सभी 1581 मतदान केंद्रों के लिए दोपहर 12 के पूर्व सामग्री के साथ पहुंच गए हैं।

103 पिंक बूथ पर होगी महिला अधिकारी

उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पूर्व की भांति पोलिंग बूथ को विभिन्न वर्गों में विभाजित किया गया है। कुल पोलिंग बूथों से 103 पिंक बूथ बनाए गए हैं। इनमें सिर्फ महिला अधिकारी एवं महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें मतदान के लिए कोई बाध्यता नहीं है।

क्रिटिकल मतदान केंद्रों के लिए माइक्रो आब्जर्वर

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 287 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर निगरानी के लिए माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इनमें सर्वाधिक क्रिटिकल 63 बूथ बैतूल, 61 घोड़ाडोंगरी क्षेत्र, 60 भैंसदेही, 56 मुलताई एवं 47 आमला में बनाए गए हैं। 1294 बूथ सामान्य श्रेणी के बूथ है।