विशेष जनसम्पर्क अभियान’ को सफल बनाने में जुटें कार्यकर्ता : हितानंद शर्मा

Share

28HREG309 विशेष जनसम्पर्क अभियान’ को सफल बनाने में जुटें कार्यकर्ता : हितानंद शर्मा

अशोकनगर, 28 मई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने कहा कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम नौ वर्ष पूर्ण हो रहे है। पिछले 9 वर्षों में मोदी सरकार ने अद्वितीय सफलताएं हासिल की है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 30 मई से 30 जून के बीच ’विशेष जनसम्पर्क अभियान’ चलाएगी। यह अभियान प्रदेश के हर बूथ तक सफलता के साथ पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। उन्होंने कहा कि बूथ हमारी प्राथमिक इकाई है, हमारा बूथ जितना सक्रिय रहेगा उतना ही बूथ पर भाजपा मजबूत होगी। इसके लिए पार्टी द्वारा तय कार्यक्रम अपने बूथ पर प्रभावी तरीके से आयोजित हो इस बात की चिंता करें। उन्होंने बूथ पदाधिकारी और कार्यकर्ता से आव्हान किया कि अपने बूथ पर भाजपा का वोट शेयर 51 प्रतिशत हो इस दिशा में भी कार्ययोजना बनाकर उसे पूर्ण करने में जुट जाएं।

दरअसल, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री शर्मा रविवार को अशोकनगर जिले के संगठनात्मक प्रवास पर थे। उन्होंने मुंगावली विधानसभा के बहादुरपुर मंडल के बूथ क्रमांक 244 पर कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीण जनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 101वें मन की बात कार्यक्रम को सुना। प्रधानमंत्री जी के लाइव उद्बोधन के पश्चात उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री ने मोदी सरकार के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश भर में आयोजित होने वाले विशेष जनसम्पर्क अभियान के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। बूथ बैठक के पश्चात प्रदेश संगठन महामंत्री ने विस्तारित जिला पदाधिकारी बैठक में भाग लिया।

शर्मा ने अशोक नगर के नईसराय मंडल के ईसागढ़ में विस्तारित जिला पदाधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत का मान- सम्मान बढ़ा है। आज मोदी सरकार के इन 9 वर्षों में देश हर मोर्चे पर सफलताएं अर्जित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री मोदी जी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार की गरीब कल्याण की योजनाएं सामाजिक उत्थान कर रही है। नौ वर्ष की मोदी सरकार की उपलब्धि हर घर तक पहुचें इसके लिए पार्टी ने ’विशेष जनसम्पर्क अभियान’ में सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ के लिए भी अलग से कार्यक्रम तय किये गए है। कार्यक्रम प्रभावी और उद्देश्यों को प्राप्त करें इस दृष्टी से हमारी तैयारी हो।

उन्होंने कहा कि 20 से 30 जून के बीच बूथ स्तर तक घर-घर संपर्क का कार्यक्रम होगा। इस दौरान सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर -घर जाकर लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराएंगे। उन्होंने 30 मई से 30 जून के बीच एक माह तक चलने वाले ’विशेष जनसम्पर्क अभियान’ के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तिथिवार विस्तार से जानकारी दी।