उप्र के डीजीपी की नियुक्ति को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किया तंज

Share

29HREG48 जनता को सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : सुनीता दयाल

गाजियाबाद, 29 मई (हि.स.)। नवनिर्वाचित महापौर सुनीता दयाल ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शहर की जनता को व्यवस्थित ढंग से सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शहर के पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब भी बनवाया जाएगा।

दयाल आज अपराह्न करीब 12:15 बजे नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं और वहां पर उनका नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, मुख्य अभियंता एनके चौधरी समेत तमाम अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने अपने कक्ष में जाकर पदभार ग्रहण किया।

पत्रकारों से बातचीत में दयाल ने कहा कि उन्हें जनता ने महापौर जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन किया है तो वह जनहित में ज्यादा कार्य करने की कोशिश करेंगी। साथ ही उनका प्रयास होगा कि आम जनता तक सामुदायिक सुविधाएं व्यवस्थित ढंग से अविलंब पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह नगर निगम प्रशासन के साथ मिलकर पहले शहर की समस्याओं का अध्ययन करेंगी और उसके बाद प्राथमिकता तय करके उनका निराकरण कराएंगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी वह गंभीरता से लेंगी और जांच-पड़ताल के बाद ही भ्र्ष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सुनीता दयाल ने कहा कि अभी वह पहले चीजों को समझेंगी, उसके बाद ही आगे करेंगी। हालांकि आगे बरसात का मौसम आ रहा है शहर को जलभराव से जूझना न पड़े इसके लिए वह शहर के ज्यादा से ज्यादा नालें सफाई कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करेंगी।

इस मौके पर पार्षद नीरज गोयल, राजीव शर्मा, राजकुमार नागर और भाजपा नेता तरुण शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र जाटव ने भी उनका स्वागत किया।