बेहतर खेल प्रदर्शन कर, धन भी अर्जित किया जा सकता हैः आयुक्त

Share

19HREG156 बेहतर खेल प्रदर्शन कर, धन भी अर्जित किया जा सकता हैः आयुक्त

– खेलो इंडिया की मशाल रैली का भव्य स्वागत

बांदा, 19 मई (हि.स.)। आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बांदा आर.पी.सिंह एवं जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने शुक्रवार को खेलो इंडिया की मशाल यात्रा की रैली को जीआईसी मैदान से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

खेलो इंडिया यूनीवर्सिटी गेम्स-2022 की अलख जगाने के लिए जनपद बांदा के जीआईसी मैदान में पहुंचने पर इस मशाल रैली का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल बांदा ने कहा कि खेल एक ऐसी विधा है, जिससे कि तन व मन स्वस्थ्य रख सकते हैं एवं बेहतर खेल प्रदर्शन कर धन भी अर्जित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न खेलों के द्वारा खिलाडी राष्ट्रीय एवं अतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विजय प्राप्त कर अपना नाम व सोहरत विश्व में भी प्रसिद्ध कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों को खेल में रूचि है वह बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। उन्होंने खेेलों के लिए खिलाड़ियों को स्पोटर्स स्टेडियम में सुविधाओें को दिलाया जायेगा, जिससे कि जनपद के खिलाड़ी और आगे बढ़ कर अपना नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की शुभकामना देते हुए टीम लीडर को स्मृृति चिन्ह भेंट किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने विभिन्न विद्यालयों से आए छात्रों, खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खेलो इंडिया कार्यक्रम के अन्तर्गत खेलो इंडिया यूनीवर्सिटी गेम्स-2022 के द्वारा 25 मई से तीन जून, 2023 तक प्रदेश के चार जिलों में खेलों के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। खेलो इंडिया की इस रैली के माध्यम से जनपद के खिलाड़ियों एवं लोंगो को खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।

यह रैली खिलाड़ियों को जागरूक एवं उनमें उत्साह पैदा करनेे के लिए जनपद के विभिन्न स्थानों जीआईसी मैदान, जिला अस्पताल, महाराणा प्राताप चौराहा, बिजली खेड़ा, कालूकुआं, बस स्टैण्ड होते हुए वापस जीआईसी मैदान पर आकर समाप्त हुई। इस रैली में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ खिलाड़ी, शिक्षक एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त उमाशंकर पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमिताभ यादव, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सहित रजत वर्मा उपजिलाधकारी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी रामेन्द्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।