गोमती में जलकुम्भी निकालने का कार्य आरम्भ, लगायी गयी जेसीबी

Share

30HREG30 गोमती में जलकुम्भी निकालने का कार्य आरम्भ, लगायी गयी जेसीबी

लखनऊ, 30 मई(हि.स.)। लखनऊ में गोमती नदी के मनकामेश्वर घाट से झूलेलाल घाट के बीच जलकुम्भी निकालने का कार्य आरम्भ हुआ। जलकुम्भी को निकालने के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने जेसीबी लगवायी। नदी में फैली जलकुम्भी को किनारे लाने के लिए श्रमिकों को भी लगाया गया है।

गोमती नदी में जलकुम्भी की मात्रा बढ़ने पर बीते दिनों आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया के माध्यम से गोमती नदी की स्वच्छता पर प्रश्न चिन्ह लगाया था। इसके बाद नगर निगम के चुनाव आ जाने के कारण गोमती नदी में स्वच्छता कार्य की गति धीमी पड़ गयी। निर्वाचन के बाद भाजपा की जीती उम्मीदवार और वर्तमान में महापौर सुषमा खर्कवाल के सक्रिय होते ही नगर निगम ने जलकुम्भी हटवाने के कार्य में गति दे दी।

गोमती नदी में प्रत्येक वर्ष बारिश से पहले जलकुम्भी बहकर चली आती है। बारिश के बाद भी कुछ ऐसा ही दृश्य नदी में दिखाई देता है। फिलहाल जलकुम्भी को हटवाने के कार्य में सुबह से शाम तक लोग दिखाई पड़ रहे हैं। लगाये गये श्रमिकों के अनुसार उन्हें बारिश से पहले नदी के जलकुम्भी स्वच्छता के कार्य करने के निर्देश मिले हैं। यह कार्य ठेकेदार के माध्यम से हो रहा है।

नदी के दूसरे छोर पर ज्यादा जलकुम्भी

गोमती नदी के दूसरे छोर पर जलकुम्भी की भरमार है। दूसरी छोर से जलकुम्भी को हटाने का कार्य अभी दूसरे चरण में होगा। पहले पक्के घाटों से जलकुम्भी हटायी जाएगी। उसके बाद कच्चे घाटों पर जेसीबी आगे का कार्य करता दिखेगा। जलकुम्भी हटाने के लिए दो जेसीबी लगायी गयी है।