फिरोजाबादः 30 साल की दोस्ती के साथ ही हो गया ढोलक एवं मजीरे की धुन का अंत

Share

28HREG339 फिरोजाबादः 30 साल की दोस्ती के साथ ही हो गया ढोलक एवं मजीरे की धुन का अंत

फिरोजाबाद, 28 मई (हि.स.)। फिल्मों में दोस्ती के बहुत से किस्से आपने सुने होंगे लेकिन फिरोजाबाद जिले के दो दोस्तों अशोक और गौरव की मौत के बाद 30 साल की गहरी दोस्ती का अंत तो हुआ ही है। साथ ही अब उन दोस्तों के ढोलक एवं मजीरे की वह धुन भी सुनाई नहीं देगी जो कभी मंडली में चार चांद लगाने का काम करती थी। परिजन एवं ग्रामीण दोनों की मौत से स्तब्ध है।

थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव गढ़िया नदिया निवासी अशोक(44) ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए शनिवार को दम तोड़ दिया था। यमुना घाट पर अशोक के अंतिम संस्कार में उसके बचपन का मित्र आनंद गौरव (42) भी था। परिजन व ग्रामीण अंतिम संस्कार कर घर लौट रहे थे तभी दोस्त की जुदाई का गम सहन नही कर सके आनंद गौरव ने अशोक की जलती चिता में छलांग लगा दी। झुलसी हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात को आनंद गौरव की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। अशोक और आनंद गौरव की मौत से दोनो ही गांव में शोक की लहर है। रविवार को दोनों ही गांव में चूल्हे नहीं सुलगे। ग्रामीणों की जुबान पर दोनों की दोस्ती की चर्चा है।

प्राथमिक शिक्षा के दौरान हुई दोस्ती

ग्रामीणों के अनुसार अशोक और गौरव के बीच गहरी दोस्ती थी। इन दोनों की मुलाकात स्कूल में प्राथमिक शिक्षा के दौरान ही हुई थी तब से ही दोनों एक – दूसरे पर जान छिड़कते थे। इसके साथ ही गांव में करीब 15 से 20 वर्षों से रामलीला का आयोजन भी हो रहा है। जिसमें दोनों ढोलक व मजीरा बजाते थे। इसके अलावा वह मंडली में भी ढोलक मजीरा बजाने साथ जाते थे। जिससे इनकी दोस्ती और ज्यादा गहरी हो गई थी।

ढोलक मजीरे की धुन बांधती थी शमा

आनंद गौरव के भाई कमल सिंह ने बताया कि अशोक, ढोलक बजाने का शौकीन था। जबकि, गौरव, मजीरा बजाता था। दोनों दोस्त मंडली में साथ जाते थे। ढोलक और मंजीरा बजाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा देते थे। दोनों दोस्त अब इस दुनिया में नहीं रहे।

आनन्द को पांच बेटी तो अशोक के हैं दो बेटे

बचपन के दोस्त अशोक और आनन्द गौरव खेती करते थे। आनन्द पर पांच बीघा तथा अशोक पर चार बीघा खेती है। आनन्द गौरव की पत्नी गुड्डी ने बताया कि उनकी पांच बेटियां है, जिसमें वह एक की शादी कर चुकी है और अन्य की शादी करनी है। पति के जाने के बाद अब इस जिम्मेदारी को वो कैसे उठाएंगी। वहीं, अशोक की पत्नी ममता ने बताया कि उनके दो बेटे है। दोनों विधवाओं का कहना है कि पति की मौत के बाद अब उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

उल्लेखनीय है कि आनंद गौरव और अशोक बचपन के दोस्त थे। उनकी दोस्ती ऐसी थी कि दोनों एक दूसरे के लिए जान भी दे सकते थे। उनके परिवार के लोग भी इस बात से वाकिफ थे पर अशोक की मौत के बाद किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि दोस्त की जुदाई के गम में आनंद ऐसा खौफनाक कदम उठा सकता है। पूरे इलाके में इस पूरी घटना की चर्चा है।