05HREG198 प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही डॉक्टरों के लिए नई पॉलिसी लेकर आएंगे: कमलनाथ
भोपाल, 5 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर डॉक्टरों ने भले हड़ताल वापस ले ली हो लेकिन इस मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने डॉक्टरों की हड़ताल को लेकर कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही डॉक्टरों के लिए नई पॉलिसी लेकर आएंगे।
कमलनाथ ने शुक्रवार को डॉक्टरों की बार-बार होने वाली हड़ताल को लेकर कहा कि हम डॉक्टरों की समस्या समझते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही हम डॉक्टरों के लिए नई पॉलिसी लेकर आएंगे। जिसमें डॉक्टरों और जनता, दोनों के हितों का ख्याल रखा जाएगा।
गौरतलब है कि मप्र हाईकोर्ट द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद भले ही प्रदेशभर के सरकारी डाक्टर हड़ताल खत्म कर काम पर वापस लौट आए हों, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े हैं। ऐसे में चुनावी साल में इस मुद्दे पर सियासत भी गरमाने लगी है।
