केन-बेतवा लिंक परियोजना के डूब प्रभावितों के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्यवाही को आप ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

Share

19HREG400 केन-बेतवा लिंक परियोजना के डूब प्रभावितों के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्यवाही को आप ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

भोपाल, 19 मई (हि.स.)। केन- बेतवा लिंक परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले 15 गांवों के किसानों के प्रदर्शन पर छतरपुर में पुलिस के लाठीचार्ज करने को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे किसानों पर आधी रात को पुलिस का लाठीचार्ज बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है।

रानी अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने बयान कहा कि लोकतंत्र में अपनी समस्या को लेकर प्रदर्शन और अपनी बात रखना कोई गुनाह तो नहीं है। किसान भी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन आधी रात को पुलिस जवानों ने महिलाओं को पीटा, उनका सामान सड़क पर फेंक दिया। पुलिस की कार्रवाई बेहद ही बर्बर और आपत्तिजनक है।

उन्होंने कहा कि डूब क्षेत्र में आने वाले किसानों को न तो पुनर्वास के लिए जमीन दी गई है और न ही मुआवजा। सारे सर्वे हवा हवाई कर लिए गए हैं और इसी का ये गांव वाले, किसान विरोध कर रहे हैं। आप की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने जिन किसानों पर लाठियां चलवाई हैं, ये वही किसान हैं जिनकी बदौलत मध्य प्रदेश ने कई बार कृषि कर्मण अवॉर्ड लिया है और सरकार को अपनी वाहवाही करने का मौका मिला है। आज जब किसान परेशान हैं तो सरकार उन्हें जोर जबरदस्ती कर, लाठियों के बल पर तोड़ना चाहती है। अगर सरकार किसानों की बात नहीं सुनती है तो आम आदमी पार्टी किसानों के इंसाफ के लिए उनके साथ मिलकर हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।