गाजियाबाद : बसपा नेता की पत्नी लड़ेगी सपा से महापौर का चुनाव

Share

19HELE6 गाजियाबाद : बसपा नेता की पत्नी लड़ेगी सपा से महापौर का चुनाव

-सपा ने अपनी प्रत्याशी बदली

गाजियाबाद, 19 अप्रैल(हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) ने गाजियाबाद के महापौर की सीट पर अपना प्रत्याशी बदल दिया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व में घोषित सपा नेता पीएन गर्ग की पत्नी नीलम गर्ग का टिकट काटकर बसपा नेता सिकन्दर यादव की पत्नी पूनम यादव को दे दिया है। जिससे नीलम गर्ग के समर्थकों में मायूसी का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार को समाजवादी पार्टी ने महापौर पद के लिए पीएन गर्ग की पत्नी नीलम गर्ग को प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन पांच दिन बाद ही बुधवार को सपा ने नीलम को साइकिल से उतार कर कभी बसपा के धुर अनुयायी रहे सिकंदर यादव की पत्नी पूनम यादव को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया।

नीलम गर्ग का टिकट कटने से न सिर्फ वैश्य समाज नाराज होगा, बल्कि अन्य वर्गों में भी नकारात्मक संदेश जा सकता है। बसपा ने यदि गाजियाबाद से किसी मुस्लिम महिला को मैदान में उतार दिया तो मुस्लिम मतों का बिखराव लाजमी है। इन हालातों में सपा को जोर का झटका धीरे से लग सकता है। हालांकि गाजियाबाद में अब तक भाजपा के अलावा कोई दल मेयर की कुर्सी पर नहीं बैठ पाया। केवल मुलायम सिंह यादव के मुख्य मंत्रित्व काल में सपा से सुरेंद्र कुमार मुन्नी विधायक का उपचुनाव में जीत सके उसके बाद यहां सपा का खाता नहीं खुला। इस लिहाज से सपा का गाजियाबाद में महापौर की प्रत्याशी को कोई गम्भीरता से लेगा ऐसा बहुत ही मुश्किल लग रहा है।