04HREG398 अचानक बदला मौमस सुबह हुई रिमझिम बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता
– तेज बारिश हुई तो खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों की फसल हो सकता है नुकसान
श्योपुर, 04 मार्च (हि.स.)। शहर में बीती देर रात से मौसम में अचानक बदलाव आ गया। शनिवार की सुबह बादलों की तेज गडग़ड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई, 10- 10 मिनट तक रिमझिम बारिश होती रही है। दोपहर 1:30 बजे तक आसमान पर घने बादल छाए रहे। बीच में रुक-रुक कर हल्की रिमझिम बारिश भी होती रही, जिससे किसानों के खेतों में काट कर रखी गई सरसों की फसल भीग गई।
इन दिनों किसान खेतों में खड़ी हुई सरसों की फसल को काट रहे हैं। कई किसानों की फसल खलियानों में पड़ी हुई है, ऐसे में अचानक बे-मौसम बारिश होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को हल्की रिमझिम बारिश हुई, लेकिन आसमान पर जिस तरह के घने बादल छाए और बादलों की तेज गडग़डाहट हुई उसे देखकर किसानों के पसीने छूट गए। किसानों को डर सताने लगा कि तेज बारिश हुई तो उनके खेत और खलिहान में पड़ी हुई सरसों आदि की फसलें भीगकर बर्बाद हो जाएंगी।
शनिवार को दोपहर 2:00 बजे तक आसमान पर बादल छाए रहे। सुबह के समय तो बादलों की तेज गिरावट के साथ रिमझिम बारिश होने लग गई। बारिश को देखकर किसान डर गए। अभी भी आसमान पर बादल छाए हुए हैं और राजस्थान की ओर से हवाएं चल रही है, जिससे बारिश कभी भी हो सकती है ऐसा डर बना हुआ है।