सरोवर नगरी में दूसरे दिन भी बारिश-ओलावृष्टि, मौसम सर्द

Share

18HREG261 सरोवर नगरी में दूसरे दिन भी बारिश-ओलावृष्टि, मौसम सर्द

नैनीताल, 18 मार्च (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी-सरोवर नगरी नैनीताल में शनिवार को भी मौसम सर्द रहा। आसमान छितरे बादलों से घिरा हुआ है। इस कारण धूप नहीं खिल पाई, और सर्द हवाएं चलती रहीं।

शुक्रवार को भारी ओलावृष्टि हुई थी। पूरा शहर ओलों की मोटी सफेद चादर से पट गया था। इससे नगर में वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर में, बीते 24 घंटों में, पूरे जनपद से अधिक, करीब 2 घंटे के भीतर 62 मिलीमीटर बारिश हुई और इस दौरान एक सेंटीमीटर मोटी ओलों की चादर बिछ गई। इधर शनिवार को नगर में अधिकतम तापमान 10 एवं न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दिन में लगातार कुछ देर के लिए बारिश व ओलावृष्टि हुई और शीतलहर के साथ मौसम सर्द रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आगे रविवार को भी नगर में अधिक बारिश हो सकती है, और तापमान अधिकतम 14 व न्यूनतम 7 डिग्री के बीच रह सकता है। इसके अलावा सर्द मौसम के बीच शहर में आज बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जबकि पानी की आपूर्ति तथा वाहनों का आवागमन सामान्य रही। सभी सड़कें खुली हुई हैं।