दिव्यांगजन को सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है : नरेन्द्र कश्यप

Share

18HREG76 दिव्यांगजन को सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है : नरेन्द्र कश्यप

लखनऊ, 18 मार्च (हि.स.)। पिछड़ा वर्ग कल्याण व दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजन को सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। इस कार्य में डा. शकुन्तला मिश्रा पुर्नवास विश्वविद्यालय ने हमारा साथ देते हुए आज कार्यक्रम आयोजित किया है। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को मशीनों एवं मोटराइज्ड साइकिल का वितरण कर खुशी हो रही है।

राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि हमारा विभाग कल्याणकारी है और दिव्यांगजनों के लिए कार्य करना हमारा दायित्व है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का विकास हो रहा है और हमारा विभाग उत्तर प्रदेश में विकास कार्यों को कर रहा है। इसी में दिव्यांगजनों के लिए योजना चलायी जा रही हैं, जिसमें छह लाख रुपये तक की राशि देकर कार्य कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन पुनर्वासन योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए दुकान शुरु करने हेतु धनराशि देने की भी शुरुआत की गयी है। इसमें आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे दिव्यांगजन स्वयं का कोई रोजगार करने के साथ ही अपना जीवन चलाने की स्थिति में आ सके। पहले से ठेला या गुमटी लगाने वाले दिव्यांगजन भी इसका लाभ ले सकते हैं।

कार्यक्रम में मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने आए हुए दिव्यांगजनों से वार्ता की। इस दौरान डॉ. शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के कुलपति, अध्यापकगण सहित दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तमाम अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।