होली एरच महोत्सव 2023 में बुंदेली कार्यक्रमों संग बेतवा आरती का होगा आयोजन

Share

03HREG374 होली एरच महोत्सव 2023 में बुंदेली कार्यक्रमों संग बेतवा आरती का होगा आयोजन

– पर्यटन विभाग की मदद से एरच होली महोत्सव 2023 का हो रहा आयोजन

– चार मार्च से बुंदेली कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं की होगी शुरुआत

– मढ़िया घाट महादेव मंदिर पर रुद्राभिषेक और बेतवा आरती का भी आयोजन

झांसी, 03 मार्च (हि.स.)। यूपी सरकार का पर्यटन विभाग झांसी के एरच में होली महोत्सव का विशेष आयोजन करने जा रहा है। होली एरच महोत्सव 2023 में पर्यटन विभाग के साथ स्थानीय प्रशासन और श्री भक्त प्रह्लाद जन कल्याण संस्थान एरच के सहयोग से चार मार्च से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी और होली तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। होली एरच महोत्सव के दौरान मढ़िया घाट महादेव मंदिर पर हर रोज सुबह रुद्राभिषेक और शाम को बेतवा आरती का विशेष आयोजन होगा। एरच कस्बे से होली पर्व की शुरुआत मानी जाती है।

होली एरच महोत्सव की शुरुआत चार मार्च को शोभायात्रा के साथ होगी और शाम को भजन संध्या का आयोजन होगा। यहां पांच मार्च को विभिन्न तरह की प्रतियोगिताएं, जादू का करतब, विजेता प्रतिभागियों का सम्मान, शोध संगोष्ठी, ख्याल गायन, राई नृत्य, ढिमरयाई लोकगीत, शास्त्रीय गायन वादन और सुगम संगीत कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अगले दिन छह मार्च को खेलकूद प्रतियोगिता, लोकगीत, बुंदेली व्यंजन प्रतियोगिता, अखिल भारतीय दंगल, बुंदेली लोक कला मंचन और कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। इसके बाद सात मार्च को गोट गायन, मौनिया नृत्य, कछयाई, फाग गायन, राई नृत्य और भक्त प्रह्लाद लीला का मंचन होगा। होली के दिन आठ मार्च को ग्रामीण फाग गायन, होली, राई, ढिमरयाई, श्रृंगार गीत का आयोजन होगा।

झांसी की क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कीर्ति ने बताया कि एरच के होली महोत्सव के आयोजन के लिए पर्यटन विभाग आर्थिक मदद प्रदान करने के साथ ही आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभा रहा है। यहां महोत्सव के आयोजन में स्थानीय प्रशासन और जन संगठनों की मदद से कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गयी है और हर रोज सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही विभिन्न तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस पूरे आयोजन में स्थानीय निवासियों और लोक कलाकारों प्रमुख भूमिका रहेगी।