हत्या में शामिल पांच अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Share

17HCRI44 हत्या में शामिल पांच अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

देवरिया, 17 अक्टूबर (हि.स.)। सदर कोतवाली क्षेत्र में बीते दिन एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क के किनारे मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आज सदर कोतवाली पुलिस और रामपुर कारखाना पुलिस ने पांच लोगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया।

सीओ सिटी यश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भीमपुर गोदाम के पास से एक व्यक्ति अभय यादव पुत्र रामजतन यादव निवासी ग्राम बलियवा थाना रामपुर कारखाना देवरिया का शव बरामद हुआ था। जिसके सम्बन्ध में थाना रामपुर कारखाना पर गुमशुदगी दर्ज किया। शव मिलने के उपरान्त उपरोक्त गुमशुदगी धारा147,148,149,302,201 आईपीसी में तरमीम कर विवेचना थानाध्यक्ष रामपुर कारखाना द्वारा की जा रही है।

सीओ सिटी ने बताया कि आज प्रभारी निरीक्षक कोतवाली व थानाध्यक्ष रामपुर कारखाना को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त ओम प्रकाश साहनी उर्फ गुड्डू साहनी पुत्र मोतीलाल साहनी सा0 बेलडाड़ थाना बरहज देवरिया, इसराइल अंसारी पुत्र नथुनी सा0 अंसारी सानेरुआरी थाना बघौचघाट देवरिया, उमेश यादव पुत्र रामअवतार यादव सा0 सानपुरा थाना भलुअनी देवरिया, नागेन्द्र सिंह पुत्र दधिवल सिंह सापरिवार परौली थाना महुआडीह देवरिया, रामप्यारे निषाद पुत्र गाति निषाद सा0 फतेहपुर थाना रुद्रपुर देवरिया को थाना कोतवाली के भीमपुर गोदाम के पास से गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि अभियुक्त के निशानदेही पर सरौरा पुल के पास से गुमशुदा मृतक की मोटरसाइकिल हीरो होंडा ग्लैमर व घटना में प्रयुक्त ट्रक बरामद किया। गिरफ्तार करने वाली टीम में महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी थानाध्यक्ष थाना रामपुर कारखाना, मृत्युन्जय सिंह प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली, संजय सिंह थाना कोतवाली के साथ पुलिस कर्मी रहे।