आईआईटी में तेंदुआ की दहशत, वन विभाग के सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद - सरस जनवाद

आईआईटी में तेंदुआ की दहशत, वन विभाग के सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद

Share

28HREG340 आईआईटी में तेंदुआ की दहशत, वन विभाग के सीसीटीवी कैमरे में हुआ कैद

– वन विभाग ने तेंदुआ को पकड़ने के लिए मंगवाए चार और पिंजरे

कानपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। आईआईटी कानपुर परिसर में इन दिनों तेंदुआ की दहशत है और परिसर में रहने वाले लोग झुंड बनाकर निकल रहे हैं। वन विभाग के लगाए हुए सीसीटीवी कैमरे में उसकी तस्वीर कैद होने से अब लोगों को पुष्टि भी हो गई। जिससे डर का माहौल और बढ़ गया है। शुक्रवार को आईआईटी कैंपस में चल रहे केन्द्रीय विद्यालय के बच्चों की कक्षाएं नहीं लगाई गईं और छात्रों को अवकाश दे दिया गया।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में बुधवार को तड़के एक सुरक्षा कर्मी ने हवाई पट्टी के पास तेंदुआ देखा था और उसने आईआईटी प्रशासन को जानकारी दी थी। आईआईटी प्रशासन ने वन विभाग को जानकारी दी और सर्च आपरेशन चलाया गया, लेकिन कहीं भी तेंदुआ नहीं मिल सका। यहां तक कि उसके चिन्ह भी नहीं मिले। इससे मान लिया गया था कि सुरक्षा कर्मी ने किसी अन्य जीव को देखा होगा। गुरुवार को सोशल मीडिया में कई वीडियो वायरल हुए और दावा किया गया कि आईआईटी कैंपस में तेंदुआ घूम रहा है। इससे हरकत में आये वन विभाग ने गुरुवार की रात कई सीसीटीवी कैमरे कैंपस में लगाया। एक कैमरे में तेंदुआ कैद हो गया। जिससे शुक्रवार को पूरे कैंपस में डर का माहौल बन गया।

आईआईटी प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की कि अकेले घरों से बाहर न निकले, खासकर बच्चों को न निकलने दिया जाये। इससे अब लोग झुंड बनाकर निकल रहे हैं और डर का माहौल बना हुआ है। वहीं डर के चलते शुक्रवार को संस्थान में स्थित केंद्रीय विद्यालय व आईआईटी कैम्पस स्कूल में बच्चों की कक्षाएं नहीं लगाई गईं। इसके स्थान पर ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कराई गई है। दोपहर बाद वन विभाग के अधिकारियों ने आकर तेंदुए को पकड़ने के लिए चार और पिंजरे मंगवाए। साथ ही कैमरों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

वन विभाग रेंजर लल्लू सिंह ने शुक्रवार को बताया कि रात में तेंदुआ अकादमिक ब्लॉक के पीछे की तरफ दिखाई दिया है, जिसके बाद वह वापस जंगल की ओर चला गया। वहीं शुक्रवार दोपहर बाद मुख्य वन संरक्षक केके सिंह व डीएफओ श्रद्धा यादव टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने तेंदुआ को पकड़ने के लिए चार और पिंजड़े मंगवाए हैं। इन पिंजड़ों में अलग-अलग जानवरों को रखा जाएगा। मुख्य वन संरक्षक ने बताया कि तेंदुआ के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है।