पीएसी की फ्लड टीम ने रेस्क्यू कर ग्रामीणों को बाहर निकाला - सरस जनवाद

पीएसी की फ्लड टीम ने रेस्क्यू कर ग्रामीणों को बाहर निकाला

Share

–घरों. दूकानों में पानी भरने से गृहस्थी सहित दूकानों का सामान बर्बाद

–लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त

हमीरपुर, 21 सितम्बर (हि.स.)। लगातार हो रही तेज बारिश से जहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है तो वहीं मौदहा कस्बे सहित क्षेत्र में सैकड़ों कच्चे मकानों के गिरने से लोगों का आसरा उजड़ गया है। जबकि घरों और दूकानों में पानी भर जाने के कारण लोगों का भारी नुकसान हुआ है। हालांकि मौसम की गतिविधियों को देखते हुए अभी अगले चौबीस घंटों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।

लौटते मानसून के आखिरी समय में शुरू हुई लगातार तेज बारिश के कारण मौदहा कस्बे सहित क्षेत्र में जलाक्रांति शुरू हो गई है और क्षेत्र में रेलवे द्वारा बनाए गए लगभग आधा दर्जन अण्डर पासिंग ब्रिजों में पानी भरने के कारण वह स्वीमिंग पूल में तब्दील हो गए हैं। जिसके चलते एक दर्जन से अधिक गावों का कस्बे से सम्पर्क कट गया है। जबकि क्षेत्र में मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है।

कस्बे के साथ ही साथ क्षेत्र में सैकड़ों कच्चे मकानों के गिरने का अनुमान लगाया जा रहा है। जबकि कस्बे सहित क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव के कारण सड़कें तालाबों में तब्दील हो गई हैं। कस्बे के प्राथमिक विद्यालय प्राचीन उपरौस के पूरे कैम्पस में पानी भर गया है तो वहीं कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिसौली में भी गांव में जगह-जगह पानी भर जाने से लोगों को घरों में ही रहना पड़ रहा है।

वहीं कस्बे के मलीकुंआ चौराहे के आसपास दूकानों में पानी भर जाने के कारण लोगों के लाखों रुपए के सामान का नुकसान हो गया है। जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। वहीं सिसोलर थाना क्षेत्र के ग्राम परेहटा निवासी उमाकांत द्विवेदी की छत गिर जाने के कारण दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई और वहीं पर खड़ा स्वराज ट्रैक्टर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण लगभग चार लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि अभी तक बारिश के चलते राजस्व विभाग की ओर से कोई कर्मचारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा है।

पीएसी की फ्लड टीम ने रेस्क्यू कर ग्रामीणों को बाहर निकाला

पीएसी की फ्लड टीम ने वोट द्वारा कुंडौरा गांव में मकान में फंसे हुए ग्रामीणों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। भारी बारिश के पानी से आए सैलाब के चलते ग्रामीण 4 से 5 घंटे से फंसे थे मकान के अंदर। ग्रामीण इलाकों में बनी बंधियों के टूट जाने के चलते कई गांव में बारिश के पानी का सैलाब आया। जिससे जिले के दर्जनों गांव प्रभावित हैं। दर्जनों घर गिरने की कगार पर हैं। ग्रामीण गृहस्थी का सामान लेकर ऊंचाई वाले इलाकों में जा रहे हैं। बारिश के पानी से आए सैलाब के चलते जिलाधिकारी सहित जिले के आला अधिकारी मौजूद हैं ।

सड़कें बनी तालाब

मौदहा क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जगह-जगह पानी भर गया है और कस्बे की मुख्य सड़कों सहित मोहल्लों की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। मौदहा से कम्हरिया जाने वाली मुख्य सड़क सिलौली के पास पूरी तरह से डूब गई है, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी हो रही है। जबकि कस्बे के कुम्हरौडा, नरहय्या, सिजवहिया, सहित अन्य मोहल्लों में तालाब जैसा नजारा बना हुआ है।

तालाब बने अण्डर पासिंग ब्रिज

लगभग पंद्रह घंटे की तेज बारिश के चलते और पानी की सही तरीके से निकासी नहीं होने के कारण रेलवे द्वारा बनाए गए लगभग आधा दर्जन अण्डर पासिंग ब्रिज स्वीमिंग पूल में तब्दील हो गए। जिससे क्षेत्र के लगभग दो दर्जन से अधिक गावों का कस्बे से सम्पर्क पूरी तरह से कट गया और लोगों को खासकर बीमारी से ग्रस्त मरीजों और प्रसूताओं को कस्बे के सरकारी अस्पताल लाने के लिए भारी चक्कर लगाकर लाया गया।