गाजियाबाद, 22 सितम्बर (हि.स.)। क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है,जो बरेली से दिल्ली व एनसीआर में ऑन डिमांड हेरोइन की सप्लाई करता है। पुलिस ने इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 लाख रुपये की हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक उत्तराखंड का तो दूसरा बरेली का निवासी है, जबकि इस गिरोह का मुख्य सरगना आतिफ फरार है।
पुलिस अधीक्षक (अपराध) दीक्षा शर्मा ने बताया कि क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम सिहानी गेट थाना क्षेत्र में संतोष मेडिकल कॉलेज के पास जांच कर रही थी। इसी दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में वहां पहुंचे, उनकी तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत की हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में देहरादून निवासी सलमान तथा बरेली निवासी शकील बेग है। उन्होंने बताया कि गिरोह सरगना आशिक है जो फरार है।
उन्होंने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह एक संगठित गिरोह चलाते हैं । दिल्ली एनसीआर में हेरोइन की ऑन डिमांड उसकी आपूर्ति करते हैं। उनसे जो मोटी कमाई होती है उसको वे अपने घर के खर्च व अन्य शौक पूरा करने के लिए करते हैं। दीक्षा शर्मा ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश पुलिस कर रही है जल्दी ही इस गिरोह में शामिल अन्य लोग भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।