– परिवार को सीमित रखने के लिए परिवार नियोजन के संसाधनों के बारे में दी जानकारी
मुरादाबाद, 22 सितम्बर (हि.स.)। छोटा परिवार सुखी परिवार कहा जाता है। जन-जन को यह बात समझाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले की सभी स्वास्थ्य इकाईयों पर खुशहाल परिवार दिवस मनाया गया। जहां क्षेत्रिय आशा के माध्यम से नव विवाहित दम्पति को बुलाकर उनकी काउंसलिंग की गई। उन्हें परिवार नियोजन के तरीकों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ संजीव बेलवाल ने कहा कि खुशहाल परिवार नियोजन दिवस पर परिवार नियोजन के साधन दम्पति को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। जिले में हर माह खुशहाल परिवार दिवस के दिन परिवार नियोजन के साधन जैसे अंतरा, माला एन, पीपीआईसीडी, आईसीडी, कंडोम, प्रेगनेंसी टेस्ट किट आदि को लगभग दो हजार पुरूष व महिलाओं द्वारा अपनाया जाता है। सरकार की ओर से जनसंख्या पर नियंत्रण के लिए यह प्रयास किया जा रहा है।
जिला परिवार नियोजन कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि खुशहाल परिवार दिवस हर माह की 21 तारीख को मनाया जाता है। इस माह 22 सितम्बर को जिले की सभी स्वास्थ्य इकाईयों पर दम्पति की काउंसलिंग कर उन्हें परिवार नियोजन के साधन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला अस्पताल में खुशहाल परिवार दिवस के दिन काउंसलिंग कराने आई युवतियां बोलीं :
– कुमारी रज्जो ने बताया कि मेरा एक बेटा है। जिसकी उम्र एक साल है। अगले बच्चे में वह अंतर रखने के लिए अंतरा की दूसरी डोज लगवाने के लिए आई हूं।
– गांगन निवासी तबस्सुम परवीन ने कहा कि मेरे तीन बच्चे हैं। फिलहाल में परिवार नियोजन के अस्थाई साधन माला एन का इस्तेमाल कर रही हूं। जल्द ही मैं यहां आकर अपनी नसबंदी करा लूंगी।