जागरूकता के साथ कड़ाई से कराना होगा यातायात नियमों का पालन : वीके सिंह - सरस जनवाद

जागरूकता के साथ कड़ाई से कराना होगा यातायात नियमों का पालन : वीके सिंह

Share

गाजियाबाद, 21 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने बुधवार को यहां कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुगम बनाने के लिए जहां आम जनमानस में जागरूकता फैलाने की जरूरत है। वहीं, अधिकारियों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए कड़ाई भी बरतनी होगी।

केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स पर आकस्मिक दुर्घटनाओं को रोकने के लिये संकेतांक, रम्बल स्ट्रिप, चेतावनी बोर्ड, रेट्रो रिफलेक्टिव टेप, जेब्रा बार मार्किंग के कार्य अनिवार्य रूप से कराए कराए जाने के निर्देश दिए।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जनमानस को सुगम एवं सुरक्षित यातायात मुहैया कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतः सभी संबंधित अधिकारी यातायात नियमों का पालन कराना गंभीरता से सुनिश्चित करें। कहा कि वर्तमान में प्रदेश भर में सड़क सुरक्षा पर अभियान संचालित कर आमजन को यातायात नियमों के प्रति विभिन्न प्रकार के प्रचार-प्रसार माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है। सुगम यातायात के लिये एक ओर जहां जनमानस को जागरूक होना होगा, वहीं दूसरी ओर शासकीय अधिकारियों को भी कड़ाई से ट्रैफिक नियमों का पालन कराना होगा। सरकारी नियमों का पालन करते हुए बच्चों की सुरक्षा का विद्यालयों की उतनी ही जिम्मेदारी है, जितनी की अभिभावकों की। अभिभावक एवं विद्यालय यह सुनिश्चित करें कि जिस वाहन से बच्चे स्कूल आ रहे हैं, क्या वह वाहन फिटनेस के मानक पूरे कर रहा है। क्या वाहन चालक की पृृष्ठभूमि को सत्यापित किया गया है। इन सभी बातों को लेकर हम सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने जनपद में घटित हो रही दुर्घटनाओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने कर्तव्यो का गम्भीरता पूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने स्कूली वाहनों, सरकारी व गैरसरकारी वाहनों की नियमित रूप फिटनेस जांच कराने, दुर्घटना स्थलों का चिन्हीकरण करने एवं सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अभियान चलाकर नियमित रूप से सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों का स्वास्थ्य, नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में लगे वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र संबंधित कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. नगर आयुक्त नितिन गौड़, अपर जिलाधिकारी नगर बिपिन कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी अरुण मौजूद थे।