जबलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले वेट लिफ्टिंग खिलाड़ी अचिंता शेउली सोमवार सुबह एयर इंडिया के विमान से जबलपुर पहुंचे। यहां डुमना विमानतल पर उनका भव्य स्वागत किया गया। सेना के जवानों ने उनकी गर्मजोशी से अगवानी की। फूलों की माला पहनाकर उन्हें सेना के खुले वाहन से सुलूस निकालकर उनके घर तक ले जाया गया।
अचिंता शेउली जबलपुर के तकनीकी प्रशिक्षण रेजीमेंट सांकेतिक प्रशिक्षण केन्द्र में हवलदार के पद पर सेवारत हैं। उन्होंने बर्मिघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2022 में “मेंस वेट लिफ्टिंग” के 73 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। शेउली एयर इंडिया के विमान से सोमवार सुबह जबलपुर के डुमना विमानतल पहुंचे, जहां उनके सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। उन्हें लेफ्टिनेंट जनरल एमके दास, पीवीएसएम, एसएमवी, एसएम, जनरल आफिसर कमांडिंग, मुख्यालय मध्य भारत एरिया और ब्रिगेडियर राहुल मलिक, कमाडेंट एक सांकेतिक प्रशिक्षण केंद्र द्वारा सेना के जवानों के साथ स्कूलों के बच्चों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। इसके बाद डुमना विमानतल से स्वागत रैली निकाली गई।