बेगूसराय में 11 से 14 जुलाई तक होगा राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता

Share

बेगूसराय, 09 जुलाई (हि.स.)। बिहार बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में बेगूसराय जिला बैडमिंटन संघ के द्वारा 11 से 14 जुलाई तक बेगूसराय में बिहार राज्य सब जूनियर बैडमिंटन ओपन प्रतियोगिता-2022 का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है तथा बिहार के तमाम जिले से प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की सूची आयोजक के पास पहुंच गई है। यह जानकारी शनिवार को एम्स हॉस्पिटल बेगूसराय में आयोजित प्रेसवार्ता में बेगूसराय जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. रंजन कुमार चौधरी ने दी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार बैडमिंटन संघ के सचिव कृष्णानंद जयसवाल करेंगे। 11 से 14 जुलाई तक चलने वाले इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से दो सौ से अधिक बालक एवं बालिकाएं एकल और युगल मुकाबलों में भाग लेंगे। नवोदित खिलाड़ियों को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-13 एवं अंडर-15 के बालक एवं बालिकाओं के मैच आयोजित किए जाएंगे।

बेगूसराय की तरफ से मृनाल सिंह, जयंती सिंह, अर्जुन बैनर्जी, सबल कुमार, मेधा पाडें एवं रिशित पांडेय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। आयोजन समिति में संजय सिन्हा, यशवंत कुमार, प्रदीप कुमार एवं मनीष कुमार सहित अन्य को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।