सिवनी नगर पालिका में सुबह 11 बजे तक 25.40 और नगर परिषद बरघाट में हुआ 41.29 प्रतिशत मतदान

Share

सिवनी, 06 जुलाई(हि.स.)। मप्र में नगरीय निकाय आम निर्वाचन के प्रथम चरण में बुधवार को जिले के सिवनी नगरपालिका और बरघाट नगर परिषद के लिए सुबह 7.00 बजे से मतदान जारी है। सभी वर्ग के मतदाता लोकतंत्र के उत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बढ-चढकर हिस्सा ले रहे हैं। सिवनी नगरपालिका में 25.40 एवं बरघाट नगर परिषद के क्षेत्र में बुधवार सुबह 11 बजे तक 41.29 प्रतिशत मतदान हुआ है।

नोडल अधिकारी स्थानीय निर्वाचन 22 कम्यूनिकेशन प्लान , जिला सिवनी ने बुधवार की सुबह जानकारी दी कि त्रि-स्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन के तृतीय चरण में बुधवार को नगर पालिका क्षेत्र सिवनी में 24 पार्षदों के निर्वाचन के लिए 118 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। जिसमें कुल मतदाताओं की संख्या 88063 है। नगरपालिका सिवनी क्षेत्र में सुबह 11 बजे तक पुरूष मतदाता 43482 में से 12195 एवं महिला मतदाता 44578 में से 10171 कुल 25.40 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

नगर परिषद बरघाट में 15 पार्षदों के निर्वाचन के लिए 16 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। सुबह 11 बजे तक पुरूष मतदाता 4738 में से 1901 एवं महिला मतदाता 5006 में से 2123 कुल 41.29 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

बुधवार की सुबह सिवनी नगरपालिका क्षेत्र निवासी साक्षी खत्री ने अपने प्रथम मतदान का प्रयोग करते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए आम जनों को मतदान करने का संदेश दिया है। इसी तरह कंटगी रोड निवासी परमानंद जायसवाल, इंदु परमानंद जायसवाल ने जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और कहा कि मतदान करना हमारा कर्तव्य ही नहीं दायित्व भी है। हमने मतदान किया है , आप भी मौसम को ध्यान में रखते हुए शीघ्र मतदान कर शहर व राष्ट्र के प्रति कर्तव्य व दायित्व का निर्वहन करें।