प्रतापगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। कुंडा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को मनगढ़ से कुछ दूरी पर लखनऊ निवासी एक ओला टैक्सी ड्राइवर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर कुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार को सुबह एक ओला ड्राइवर का शव मिला। ड्राइवर की धारदार हथियार से गला रेत कर कथित तौर पर हत्या की गई थी।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) रोहित मिश्रा ने बताया कि कुंडा क्षेत्र के मनगढ़ डिग्री कॉलेज के पास से लखनऊ के गोमती नगर निवासी 57 वर्षीय प्रेम चंद्र का शव मिला है, जिसकी किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान की गई। वह ओला टैक्सी चलाता था। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है।