प्रतापगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक कैम्प कार्यालय सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ नितिन बंसल की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ रखना ही हमारी प्राथमिकता है जो भी नाले नदी में गिर रहे हैं उनको रोका जाये, ताकि नदियों का पानी दूषित होने से बचें।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत जनपद में जो पौधे रोपित किये गये है उनका अधिक से अधिक जियो टैग किया जाये तथा पौधों की सुरक्षा हेतु ट्रीगार्ड लगाया जाये तथा उनकी सुरक्षा एवं देखभाल समय-समय पर की जाये, ताकि वृक्षों की जीवन्तता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि कैच द रैन अभियान के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिये शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन मानस को जागरूक किया जाये। कहा कि नदी के किनारे साफ-सफाई रखी जाये तथा नदी के किनारे जितने भी गांव हैं उनका कूड़ा कचरा नदी में न फेंका जाये।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला गंगा समिति के सम्बन्ध में सभी विभाग अपने अपने एक्सन प्लान तैयार करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश मिश्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वरूण सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी रविशंकर द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, पर्यावरण सेना के अजय क्रान्तिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारी व समिति के सदस्य उपस्थित रहे।