भोपालः मिसरोद को स्मार्ट सिटी बनाकर नागरिक सुविधाओं को करेंगे बेहतर : शिवराज

Share

भोपाल, 02 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मिसरोद अब कस्बा नहीं रहा, बल्कि एक शहर का आकार ले चुका है। हमारा लक्ष्य मिसरोद को स्मार्ट शहर बनाने के साथ ही नागरिक सुविधाओं को और बेहतर करना है। साथ ही गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से गरीबों को मुफ्त राशन और पक्के मकान तक दिए जाएंगे। हमने माफियाओं से जो 21 हजार एकड़ जमीन बुलडोजर चलाकर छीनी है, वह सारी जमीन गरीबों में बाट दी जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने यह शनिवार को राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा के मिसरोद में महापौर प्रत्याशी मालती राय के समर्थन में रोड शो के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री चौहान ने क्षेत्रीय विधायक कृष्णा गौर के साथ मिसरोद के भगवान शिव मंदिर से रोड शो प्रारंभ कर विभिन्न स्थानों से होते हुए डेंटल कॉलेज तक जनता से आशिर्वाद मांगा।

कांग्रेस का प्रत्याशी जीतेगा, तो झगड़े में विकास के काम अवरूद्ध होंगे

उन्होंने कहा कि हम विकास के सारे काम करेंगे और पैसे की कमी नहीं आने देंगे। गरीब कल्याण और विकास के कार्य भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। विकास के काम तभी होंगे, जब मेयर और पार्षद भारतीय जनता पार्टी के होंगे। यदि कांग्रेस के प्रत्याशी को चुनते हैं, तो हम कहेंगे विकास के लिए आगे चलो, तो वह पीछे हटेंगे। हम कहेंगे दाएं चलो, तो वे बाएं मुड़ जाएंगे। इस झगड़े में विकास अवरुद्ध होगा।

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से की अपील

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री का सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। आमजन अपने घरों से मुख्यमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा कर स्वागत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने जनता को हाथ जोड़ते हुए अभिवादन किया और जनता से अपील करते हुए कहा कि कमल के फूल की बटन दबाकर मालती राय को महापौर और शीला पाटीदार को पार्षद बनाएं। विकास की जिम्मेदारी मामा और भारतीय जनता पार्टी को सौंप दें।