अयोध्या में होगा इतिहासकार अमित राय जैन की पुस्तक का विमोचन

Share

मेरठ, 09 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम उप्र के इतिहास पर लगातार शोध कर रहे बागपत के इतिहासकार डॉ. अमित राय जैन की पुस्तक का विमोचन अयोध्या में होगा। ‘श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या: पास्ट टू प्रोजेंट’ पुस्तक की भूमिका विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार लिख रहे हैं। पुस्तक में श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या का समग्र इतिहास समाहित है।

शहजाद राय शोध संस्थान बड़ौत के निदेशक वरिष्ठ इतिहासकार डॉ. अमित राय जैन ने पश्चिम उप्र के इतिहास को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दुनिया में वामपंथी इतिहासकारों की आर्यों को भारत का मूल निवासी ना बताने की थ्योरी को बागपत के सिनौली गांव में हुए उत्खनन ने झुठला दिया था। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा यह उत्खनन डॉ. अमित राय जैन के प्रस्ताव पर ही कराया था। पश्चिम उप्र के इतिहास पर भी वे कई पुस्तकें लिख चुके हैं। अब श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के इतिहास को समाहित करने वाली पुस्तक अंग्रेजी भाषा में लिखी है।

डॉ. अमित राय जैन ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का संचालन एवं वर्तमान में श्रीराम मंदिर का नवनिर्माण में जुटे विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार इस पुस्तक की भूमिका लिखे हैं। बताया कि मेरी मुलाकात दिल्ली में विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार से पुस्तक के प्रकाशक किताब वाले प्रकाशन समूह के प्रबंध निदेशक प्रशांत जैन के साथ हुई। इस दौरान उन्होंने प्रस्तुत पुस्तक की भूमिका लिखना स्वीकार कर लिया। यह पुस्तक श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन एवं श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या के इतिहास की जानकारी अपने में समाहित करने वाली है इसलिए इस पुस्तक का भव्य लोकार्पण समारोह श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या नगर में किया जाएगा। इसके लोकार्पण समारोह में देश भर से श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े हुए आंदोलनकारियों तथा साधु-संतों को आमंत्रित किया जाएगा।

लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता करने के लिए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संयोजक चंपत राय का नाम निर्धारित किया गया है। इस पुस्तक में अयोध्या के अतीत कालीन इतिहास से लेकर के वर्तमान मंदिर निर्माण तक की समस्त जानकारियां दी गई हैं। पुस्तक में श्रीराम जन्मभूमि विवाद को सुलझाने के लिए दायर याचिकाओं का भी सिलसिलेवार वर्णन किया गया है। अयोध्या केस से संबंधित विभिन्न मुकदमों की भी संक्षिप्त जानकारियां प्रस्तुत पुस्तक में एक स्थान पर प्रकाशित की जा रही है।