विधायक व भाई सहित सात पर अपहरण व फ़िरौती लेने का मामला दर्ज

Share

रायबरेली, 09 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी पर पुलिस ने अपहरण व फिरौती मांगने समेत कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज किया है। इसमें विधायक के भाई व एक अन्य को भी नामज़द करते हुए चार अन्य अज्ञात को भी आरोपित किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला विधानसभा चुनाव के समय का बताया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि शहर के इंदिरा नगर की रहने वाली गिरीश कुमारी सिंह का आरोप है कि इसी वर्ष एक मार्च को उनके घर पर शाम को राहुल लोधी उनके भाई रोहित लोधी और लालगंज का रहने वाला आकाश यादव चार अन्य लोगों के साथ उनके घर आए थे। और महिला के बेटे उपेंद्र सिंह को शैक्षिक अभिलेख और चेकबुक के साथ यह कहकर साथ ले गए थे कि ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए उसे ले जा रहे हैं। कई दिन बीत जाने के बाद महिला परेशान हुई तो अपने बेटे की खोज में विधायक के घर गई। जहां विधायक की मां ने उसे यह कहकर वापस भेज दिया कि वह राहुल से उपेंद्र के बारे में पूंछकर बताएगी। बाद में राहुल लोधी ने बताया कि उपेंद्र सिंह पूना में नौकरी कर रहा है। महिला का आरोप है कि कुछ दिन बाद फिर वह विधायक से अपने बेटे के बारे में मिलने गई तो उसे गाली देकर भगा दिया गया। इस बीच पीड़िता परेशान थी।

महिला का आरोप है कि 28 मई को आकाश यादव उसके घर आया और कहा कि उपेंद्र सिंह के लिए फिरौती में पांच लाख रूपया उन लोगों को दे दो, अन्यथा उपेंद्र को मार दिया जायेगा। इस मामले में पुलिस को भी सूचना न देना। महिला का कहना है कि वह बेटे के लिए परेशान थी कि 6 जून को उसका बेटा बदहवास उसके घर पहुंचा और बताया कि उन लोगों ने उसे बंधक बनाया था और उसकी नशीला पदार्थ भी पिलाया है। उससे शैक्षिक अभिलेख भी ले लिया और चेक बुक पर हस्ताक्षर भी करा लिया है। इस मामले में महिला की शिकायत पर हरचंदपुर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।