झांसी,17 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शासी परिषद एवं प्रबंधन समिति की बैठक आहूत की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निधि का इस्तेमाल ऐसे ग्रामों में किया जाए जो खनन क्षेत्र से प्रभावित हैं।
जनहित के कार्य के साथ वहां पढ़ रहे बच्चों और उनके स्वास्थ्य की कार्यों पर प्रमुखता से किए जाते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि ऐसे प्रस्ताव प्रेषित करें जिनका अधिक से अधिक ग्राम वासियों को लंबे समय तक लाभ प्राप्त हो और लंबे समय तक जनउपयोगी सिद्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश के अनुपालन में पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार मानसून सत्र 01 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दशा में प्री मानसून से संबंधित सर्वे भारत सरकार द्वारा मिनी रत्न कंपनी के द्वारा 01 जुलाई तक पूर्ण किया जाना आवश्यक है ताकि खनन के लिए पट्टों का चिन्हाकंन किया जा सके। बैठक में जनपद में नदी तल स्थित बालू/मोरम की कुल 36 क्षेत्रों का प्री मानसून एवं पोस्ट मानसून के सर्वे के लिए जिला खनिज फाउंडेशन न्यास द्वारा धनराशि उपलब्ध कराने पर सहमति दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीकृत कार्यों के लिए धनराशि कार्यदाई संस्था को उपलब्ध कराई जा चुकी है, उन्होंने कार्यदाई संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि किए जाने वाले कार्यों को गुणवत्ता के साथ और समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। और समस्त स्वीकृत परियोजनाओं के निर्माण के लिए कार्यदाई संस्थाओं को धनराशि उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़कों में गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खनन प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत प्राथमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, कंपोजिट विद्यालय, संविलियन विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाई स्कूल के परिसर में खगोल विज्ञान प्रयोगशाला (एस्ट्रोनॉमी लैब) की व डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना के संबंध में भी विधिवत चर्चा करते हुए कहा कि खनन क्षेत्रों में कार्यरत 47 विद्यालयों में से 07 विद्यालयों में एस्ट्रोनॉमी लैब स्थापित कराए जाने के कार्य को गति के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त 32 विद्यालयों में कक्ष हेतु भूमि उपलब्ध है जिसके लिए उन्होंने आरईएस को कक्ष बनाए जाने के कार्य को जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.अनिल कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व राम अक्षयवर चौहान, उप जिलाधिकारी सदर सान्या छाबड़ा, जिला खनिज अधिकारी बी0 पी0 यादव, डीपीआरओ जेआर गौतम, सांसद प्रतिनिधि, विधायकगण प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहें।