मण्डल के 26 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर होगी चिकित्साधिकारियों की तैनाती

Share

– चिकित्सक विहीन नहीं रहेगी कोई भी पीएचसी, मण्डलायुक्त ने शासन को भेजा प्रस्ताव

झांसी,17 जून (हि.स.)। मण्डल के 94 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र संचालित है परन्तु इनमें से 26 स्वास्थ्य केन्द्र ऐसे हैं जहां कोई भी एमबीबीएस चिकित्सक तैनात नहीं है।

मण्डलायुक्त डा. अजय शंकर पाण्डेय ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान पाया कि इन केन्द्रों पर वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे सेवाएं प्रदान की जा रहीं हैं। उक्त पर उन्होंने त्वरित कार्यवाही करते हुए अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद को पत्र लिखकर झांसी मण्डल के सभी चिकित्सक विहीन पीएचसी पर चिकित्सकों की तैनाती का अनुरोध किया है।

मण्डलायुक्त ने बताया कि मण्डल के जनपद जालौन, झांसी व ललितपुर की चिकित्सा इकाईयों पर जनमानस को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवायें प्रदान किये जाने के लिए निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं तथा मण्डल एवं जनपद स्तर से स्वास्थ्य सेवाओं व संचालित कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा भी की जा रही है परन्तु चिकित्सकों की कमी को दूर करने से बुन्देलखण्ड की जनता को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

मण्डलायुक्त ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक रविवार को मण्डल के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन आरोग्य मेलों में ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को उनके नजदीक स्थिति स्वास्थ्य केन्द्र पर ही एक छत के नीचे सभी सेवाएं मिल रहीं हैं। इन सेवाओं में मुख्य रूप से वर्तमान में जनपद जालौन में 34, जनपद झांसी में 44 तथा जनपद ललितपुर में 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सामान्य चिकित्सा, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज का उपचार व जांचे तथा विभिन्न प्रकार की परामर्श सेवाएं दी जा रही हैं।

चिकित्सकों की कमी से बुन्देलखण्ड क्षेत्र के इन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों की नियमित सेवाएँ व आरोग्य मेलों के संचालन प्रभावित न हो इसके लिये शासन को प्रस्ताव भेजा गया है तथा अनुरोध किया गया है कि वार्षिक स्थानानंतरण नीति वर्ष 2022-23 घोषित होने पर चिकित्साधिकारियों स्थानांनतरण में बुन्देलखण्ड के झांसी मण्डल के जनपदों में 26 चिकित्साधिकारियों की तैनाती पर विचार करें।