राजगढ़, 8 जून (हि.स.)। माचलपुर थाना पुलिस ने पीपल्याकुलमी रोड़ पर खड़ी पोकलेन मशीन से ताला तोड़कर बैटरी, डीजल और बैल्डिंग मशीन चोरी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी का माल बरामद किया गया।
थाना प्रभारी जितेन्द्र अजनारे के अनुसार, 6 जून को विष्णू (42) पुत्र प्रहलाद सोनी निवासी माचलपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 मई को ग्राम पीपल्याकुलमी रोड़ पर पोकलने मशीन खड़ी थी तभी अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर दो बैटरी, डीजल और बैल्डिंग मशीन चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 379 के तहत प्रकरण दर्ज कर पड़ताल शुरु की। विवेचना के दौरान पुलिस ने महेंद्रसिंह सोंधिया (29) साल निवासी ग्राम खांकरी थाना जीरापुर और जगदीश सोंधिया (27) साल निवासी ग्राम बघेली थाना खिलचीपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ पर आरोपितों ने चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो बैटरी, बैल्डिंग मशीन और 50 लीटर डीजल बरामद किया।