मुजफ्फरनगर, 18 अप्रैल (हि.स.)। मुजफ्फरनगर में रविवार की देर रात कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक दिल्ली से देहरादून जा रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिल्ली के नरेला निवासी चार दोस्त सौरभ, मोहित, प्रियांशु और अजय रविवार की देर रात्रि स्विफ्ट डिजायर कार से दिल्ली से देहरादून घूमने जा रहे थे। मुजफ्फरनगर जनपद में एनएच-58 पर मंसूरपुर में बस स्टैंड के निकट उनकी कार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बेगराजपुर निवासी अनिल ट्रैक्टर-ट्रॉली से मंसूरपुर शुगर मिल में गन्ना तौलकर अपने घर जा रहा था। इस भीषण हादसे में कार सवार सौरभ और मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अजय, प्रियांशु और ट्रैक्टर चालक अनिल गम्भीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गम्भीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।