कुशीनगर, 18 अप्रैल (हि.स.)। कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के फोरलेन स्थित तितिला गांव के निकट बने हाइवे क्रासिंग के पास रविवार की देर रात बारातियों से भरी एक बस डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। घटना में दूल्हे के फूफा की मौके पर ही मौत हो गई है। एक अन्य महिला घायल है।
जानकारी के मुताबिक महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र के पनेवा निवासी वीरेन्द्र गोड़ के 25 वर्षीय बेटे रोहित की शादी थी। वहां से वह बारात कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली के पिड़रा गांव के पिपरहिया टोला में छोटेलाल गोंड के घर आ रही थी। बताया जा रहा है कि रात के लगभग साढ़े ग्यारह बजे यह बारात हाटा कोतवाली के तितिला गांव के पास पहुंची थी कि हादसा हो गया। फोरलेन क्रासिंग के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गयी और डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
बस में बैठे सुरेन्द्र गोड़ (45) निवासी बरवां दूबे थाना नेबुआ नौरगिया की मौके पर मौत हो गई और बस में सवार सरोज देवी पत्नी संजय (35) निवासी घुघली जिला महराजगंज घायल हो गई। सूचना पर मौके पर रात में ही पहुंची पुलिस ने पलटी बस को सीधा कराया। इस दौरान बस में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल महिला सरोज देवी को इलाज के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुकरौली पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक इलाज किया। फिलहाल, पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है।