शूटिंग प्रतियोगिता में मुकेश, अमित और विनोद ने मारी बाजी

Share

देहरादून, 05 मार्च (हि.स.)। प्रेस क्लब की ओर से मनोज कंडवाल स्मृति में शनिवार को शूटिंग प्रतियोगिता की गई। प्रतियोगिता में सटीक निशाने साधकर मुकेश, अमित और विनोद ने बाजी मारी।

उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आज मनोज कंडवाल स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और स्व. मनोज कंडवाल की धर्म पत्नी दीपिका कंडवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि धस्माना ने टारगेट पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब ने अपने सदस्यों की प्रतिभाओं को निहारने के लिए वर्ष भर का खेल कैलेंडर तैयार किया है, वह सराहनीय है। पत्रकारों की भागदौड़ भरी जिंदगी में खेल का विशेष महत्व है, इससे शारीरिक और मानसिक थकान खत्म होती है। क्लब को उन्होंने हरसंभव सहयोग की बात कही।

प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेन्द्र अंथवाल ने कहा कि प्रेस क्लब में सदस्यों के लिए पूरे वर्ष खेल व अन्य गतिविधियां चलती रहेंगी। पत्रकारों व उनके परिजनों के लिए छह मार्च को स्वास्थ्य शिविर और होली के उपलक्ष्य पर 13 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन होगा।

क्लब के पूर्व अध्यक्ष नवीन थलेड़ी ने स्वर्गीय कंडवाल के जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री ओपी बेंजवाल ने किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर मुकेश राजपूत 73 अंक, द्वितीय स्थान पर अमित कुमार शर्मा 71 अंक और तृतीय स्थान पर विनोद पोखरियाल 69 अंक रहे।

इस दौरान दून इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग के निदेशक मयंक मारवाह व साहिल रेहान, रामपाल रौथाण, खेल संयोजक महेश कुमार पांडे, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, संयुक्त मंत्री नलिनी गोसाईं, सम्प्रेक्षक विनोद पोखरियाल, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीन बहुगुणा, राजकिशोर तिवारी, सोबन सिंह गुसाईं, राजेश बड़थ्वाल,राम अनूज,गिरिधर शर्मा, भूपेन्द्र कण्डारी,वरिष्ठ सदस्य अशोक पाण्डेय,सेवा सिंह मठारू,शिव पैन्यूली मौजूद रहे।