बलिया, 10 मार्च (हि.स.)। जिले की बलिया नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह ने सपा के नारद राय पर बड़ी बढ़त बना ली है। उन्होंने उन्नीसवें चक्र की मतगणना में अपने प्रतिद्वंद्वी सपा के नारद राय पर 18,304 मतों से बढ़त बनाई है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह के बलिया नगर से चुनाव लड़ने के कारण यह सीट काफी चर्चित हो गई थी। 2007 में भी भाजपा कैंडिडेट के रूप में लड़कर हार चुके दयाशंकर सिंह ने इस बार काफी दमखम लगाया था। इसका असर अभी तक की मतगणना में दिख रहा है। दयाशंकर सिंह को उन्नीसवें चक्र में 69,932 और सपा के नारद राय को 51,628 वोट मिले हैं। माना जा रहा है कि दयाशंकर सिंह की जीत बलिया नगर से पक्की हो चुकी है। हालांकि, जिले में कुछ बड़े उलटफेर भी होने का अंदेशा है।
बांसडीह से नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी सपा उम्मीदवार के रूप में भाजपा और निषाद पार्टी की प्रत्याशी केतकी सिंह से पीछे चल रहे हैं। जबकि बैरिया से भाजपा प्रत्याशी और मंत्री आनंद शुक्ल सपा के जयप्रकाश अंचल से और फेफना से भाजपा के प्रत्याशी एवं सरकार के मंत्री उपेन्द्र तिवारी भी सपा के संग्राम सिंह से पीछे चल रहे हैं। बैरिया में सत्रहवें राउंड तक आनंद शुक्ल को 33,411 और सपा के जयप्रकाश अंचल को 39,343 मिले थे। वहीं, फेफना में सोलहवें राउंड तक 43,159 पाकर सपा के संग्राम सिंह 53,871 से पीछे हैं। जिले की रसड़ा सीट पर बसपा अपना किला बचाने में कामयाब होती दिख रही है। यहां बसपा उम्मीदवार उमाशंकर सिंह को सत्रहवें राउंड में 50,683 और सपा-सुभासपा गठबंधन के महेन्द्र चौहान को 44,249 मत मिले हैं।