नैनीताल :- लंबे समय से चटख धूप खिलने और बीते सप्ताह से कोहरे और बादलों की आमद के बाद मौसम विभाग के पूर्वानुमान से कदमताल करते हुए सरोवर नगरी में बुधवार से मौसम ने करवट बदली है। दो दिन से यहां पूरे आसमान में काले बादल छाए रहे, और हवाएं भी नहीं चलीं और मौसम गुम सा रहा।
इसके बाद गुरुवार दोपहर से नगर में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश शुरू हो गयी है। यह बारिश बीते माह 17 से 19 नवंबर के बीच दैवी आपदा का कारण बनी अतिवृष्टि के बाद पहली बार हो रही है। इससे प्राकृतिक तौर के साथ ही मनोवैज्ञानिक तौर पर भी ठंड महसूस की जा रही है। इसके साथ ही आगे बर्फबारी होने के भी लोग कयास लगा रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आजकल के मुकाबले अधिकतम तापमान दो डिग्री कम 16 और न्यूनतम तापमान कल के मुकाबले दो डिग्री अधिक यानी 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। आगे मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को तापमान 9 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और आसमान में आंशिक रूप से छाये बादलों में बिजली कड़क सकती है। साफ तौर पर बारिश या बर्फबारी के बारे में मौसम विभाग ने कुछ नहीं कहा है।