मंत्री गणेश जोशी ने गिनाईं सरकार की योजनाएं

Share

देहरादून :- कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को डाकरा, गढ़ी कैंट स्थित वेडिंग प्वाइंट में शहीद दुर्गामल्ल नगर मंडल कार्यसमिति के सदस्यों के साथ बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक में मंडल के विकास कार्यों और आगामी चुनाव रणनीति पर चर्चा की। इस मौके पर जोशी ने सरकार की योजनाएं गिनाईं।

कार्यक्रम की शुरुआत में कोरोनाकाल में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देते हुए 2 मिनट के मौन रखा गया। गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए गणेश जोशी ने कहा कि मैं अपने राजनीतिक गुरु का आशीर्वाद लेकर यहां आया हूं। भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां चाहे बूथ स्तर का कार्यकर्ता हो , चाहे कार्यसमिति का कार्यकर्ता हो यहां सब की राय लेकर फैसले लिए जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के दम पर बनी है। उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में हर वार्ड में विकास कार्य हुए हैं। इस क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या का समाधान कर दिया गया है।

गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जहां चाय वाला प्रधानमंत्री बन सकता है, छात्र परिषद का कार्यकर्ता राज्य का मुख्यमंत्री बन सकता है, एक आम सैनिक राज्य का कैबिनेट मंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ का कार्यकर्ता हो या देश का प्रधानमंत्री हर कोई अपने दायित्व को पूरे आत्मसमर्पण के साथ निभाता है। प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि 2014 में भाजपा की सरकार आते ही देश की बेटियों के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया गया। इससे नारी सशक्तिकरण को बल मिला। उन्होंने सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।

गणेश जोशी ने युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 15 दिन में इतने फैसले लिए हैं कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी आपदा के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज जारी किया है। संतों की मांग को देखते हुए देवस्थानम बोर्ड को स्थगित कर दिया है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि चाहे सरकार कितना भी विकास कर दे, असली लड़ाई पोलिंग बूथ पर तय होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि 15 दिन के अंदर अपने बूथ प्रमुख और पन्ना प्रमुख का चयन तथा सत्यापन करें।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मास्क लगाएं, सेनेटाइजर का प्रयोग करें तथा अपनी सुरक्षा करें क्योंकि जब वह खुद सुरक्षित रहेंगे तभी जनता की सेवा कर सकेंगे। बैठक में मंडल प्रभारी इतवार सिंह रमोला द्वारा राजनीतिक प्रस्ताव रखा गया जिसको उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति के साथ स्वीकार किया। बैठक में मुख्य वक्ता शादाब शम्स, मंडल प्रभारी इतवार सिंह रमोला, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, मंडल मीडिया प्रभारी अनुराग, संध्या थापा, पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष विष्णु गुप्ता, नामित पार्षद सुंदर सिंह कोठाल, मंडल महामंत्री राहुल रावत, शिवानी गुप्ता आदि उपस्थित रहे।