दीपक से घर में लगी आग, मचा हड़कंप

Share

गाजियाबाद। पूजा करने के दौरान जलाए गए दीपक से घर में आग लग गई। पर्दे से शुरू हुई आग तेजी से फैल गई और घर को अपनी चपेट में ले लिया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। आग लगने की जानकारी मिलने पर दम कर विभाग से गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से काफी नुकसान हो गया। गनीमत रही कि आग लगने के समय घर में कोई नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

थाना साहिबाबाद क्षेत्र की पप्पू कॉलोनी में जीतू परिवार के साथ रहता है। पुलिस ने बताया कि सुबह घर में पूजा के दौरान मंदिर में दीपक जलाया गया था। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य घर से काम के लिए निकल गए और मकान का ताला लगा दिया। बताया गया है कि दीपक से निकट में लगे पर्दे ने आग पकड़ ली और वह धीरे धीरे मकान में फैल गई। आसपास के लोगों ने मकान से धुआ उठता हुआ देखा तो उनमें हड़कंप मच गया। आग लगने की जानकारी तत्काल दमकल विभाग को दी गई। आग लगने की जानकारी मिलने पर साहिबाबाद दम कर विभाग से एक गाड़ी मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस ने बताया कि आग लगने से मकान का काफी सामान जलकर राख हो गया।गनीमत रही कि आग लगने के समय मकान में परिवार का कोई सदस्य नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पड़ोसियों ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। अगर घर में रखा सिलेंडर फटता तो तेज धमाके के साथ आसपास के मकान दहल जाते। उधर आग लगने की सूचना मिलने पर जीतू व उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।