– बेटी मृणालिनी सिंह के साथ महानगर अध्यक्ष, डीएम, एसएसपी और सिटी मजिस्ट्रेट भी रहे मौजूद
गाजियाबाद :- भांजी के साथ की गई छेड़छाड़ के मामले की पैरवी करने पर गोली मारकर की गई पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या के बाद सरकार द्वारा की गई आर्थिक सहायता का 10 लाख रुपए का चेक गुरुवार को मंत्री जनरल वीके सिंह ने उनके घर जाकर पत्नी कविता को सौंप दिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को भी पुचकारा और परिजनों को सांत्वना दी। चेक सौंपने के दौरान परिजनों ने कहा कि आर्थिक सहायता राशि कम है, इसमें गुजर कैसे होगा। जिस पर वीके सिंह ने आश्वासन दिया कि वह सहायता राशि की रकम बढ़वाने के लिए मुख्यमंत्री से बातचीत कर पूरा प्रयास करेंगे। इसके साथ ही कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा उनके लिए खुले हैं। कभी भी किसी भी समय जरूरत पड़ने पर वह उनके पास संकोच किए बिना आ सकते हैं। करीब 10 मिनट रुके वीके सिंह के साथ बेटी मृणालिनी, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिलाधिकारी अजय शंकर पांडे, एसएसपी कलानिधि नैथानी और सिटी मजिस्ट्रेट आदि मौजूद रहे।

हत्यारोपियों को दिलाई जाएगी फांसी
मंत्री जनरल वीके सिंह ने पत्रकार विक्रम जोशी के परिजनों से कहा कि वह पूरा प्रयास करेंगे कि हत्यारोपियों को फांसी की सजा हो। उन्होंने माना कि पुलिस की लापरवाही से आज विक्रम जोशी हमारे बीच में नहीं है। मामले की जांच जारी है। लापरवाह लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जेसीबी लगाकर ठीक किया गया रास्ता
विक्रम जोशी का परिवार जिस जगह रहता है, उस स्थान के आसपास रास्ता बेहद खराब है। पाइप लाइन डाले जाने के चलते सड़क पूरी तरह से खुद ही हुई है और गंदगी का आलम भी है। जिसके चलते पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने जेसीबी लगाकर रास्ता ठीक कराया और मिट्टी डलवाई। इसके साथ ही साफ सफाई करवाई। इसके बाद कहीं जाकर मंत्री वीके सिंह पीड़ित परिजनों से मिले।
यह था पूरा मामला
बाईपास पर स्थित रोज वैली स्कूल के निकट रहने वाले पत्रकार विक्रम जोशी की बहन माता कॉलोनी में रहती हैं। उनकी भांजी को वहीं रहने वाले रवि ने भोले जुलाई को छेड़ दिया था। जिसकी शिकायत विक्रम जोशी की बहन ने पुलिस से की थी। जिसकी पैरवी विक्रम जोशी कर रहे थे। 20 जुलाई की शाम को वह दोनों बेटी 8 वर्षीय चाहत और 5 वर्षीय बानी के साथ बहन के घर भांजी के जन्मदिन पर आए थे। रात में बेटियों के साथ लौटते समय उन्हें रवि ने अपने साथियों के साथ घेर लिया था और मारपीट करते हुए छोटू ने सिर में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल विक्रम जोशी को यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार तड़के उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों और मीडिया कर्मियों ने काफी बवाल हुआ था। जिसकी गूंज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंची थी और उन्होंने विक्रम जोशी के परिजनों को दस लाख रुपए की आर्थिक मदद, पत्नी को सरकारी नौकरी और बच्चों की पढ़ाई लिखाई की घोषणा की थी। इसके बाद कहीं जाकर विक्रम जोशी का अंतिम संस्कार हुआ था।