– नकाबपोश आधा दर्जन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, लाखों के जेवरात व नगदी लूटी
– विरोध करने पर की मारपीट और महिलाओं से की बदसलूकी, चार घायल
गाजियाबाद :- थाना कविनगर क्षेत्र के चिरंजीव विहार में रहने वाले एक परिवार के घर आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान नकाबपोश बदमाशों ने 8 माह के मासूम को गन पॉइंट पर ले लिया और लाखों रुपए के जेवरात और नगदी लूट ली। विरोध करने पर महिलाओं के साथ बदसलूकी और परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई। जिसमें परिवार के मुखिया समेत चार लोग घायल हो गए। डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से फरार हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर डकैती की सनसनीखेज वारदात की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी मनीष कुमार मिश्रा, सीओ और थाना प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसएसपी ने पुलिस टीम को बदमाशों की पहचान कर जल्द पकड़ के आदेश दिए हैं।
चिरंजीव विहार सेक्टर 8 के फ्लैट संख्या जी 14 में 75 वर्षीय भोपाल शर्मा पत्नी राजवती और विधवा बेटी कंचन, कंचन की 22 वर्षीय बेटी मन्नू, दो पोतियों के साथ रहते हैं। रविवार की शाम भोपाल शर्मा की दूसरी बेटी प्रिया सिंभावली हापुड़ से पति विकास शर्मा और एक बेटी, बेटे के अलावा 8 माह के बेटे के साथ आई थी।
बताया गया है कि देर रात करीब 1:30 बजे आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने पहले ब्लॉक के गेट का ताला तोड़ा और इसके बाद मकान के बाहरी हिस्से में बनी रसोई की ग्रीन उखाड़ कर घर में प्रवेश कर दें।घर में घुसते के साथ ही नकाबपोश बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को हथियारों के बल पर ले और प्रिया के 8 माह के बेटे को गन प्वाइंट पर लेकर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ हथियार की बटों से मारपीट करने के साथ महिलाओं के साथ बदतमीजी की गई। बदमाशों ने कुछ ही समय में सारा घर खंगाल डाला। इस दौरान बदमाश लाखों रुपए की नगदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए।
डकैती की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने बताया कि घायलों में भोपाल शर्मा, राजवती, बेटी कंचन और कंचन की बेटी मन्नू शामिल है। अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है।
केदारनाथ की आपदा में मारे गए थे कुनबे के 10 लोग
भोपाल शर्मा के हापुड़ निवासी दामाद विकास शर्मा ने बताया कि केदारनाथ में आई आपदा में भोपाल शर्मा के इकलौता पुत्र अरुण कुमार शर्मा और उनकी पत्नी मनीषा के अलावा कुनबे के 10 लोगों की मौत हो गई थी। अरुण कुमार शर्मा के दो बेटियां हैं जो अपने दादा के पास रहती हैं।
वारदात से लोगों में दहशत
जिले में अपराधों का ग्राफ तेजी के साथ बढ़ रहा है। आए दिन हत्या, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। भोपाल शर्मा के घर हुई डकैती की वारदात से जहां एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है, वही वारदात से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।