कोविड केयर फंड में उप्र पुलिस ने दिया 1 दिन का वेतन, डीजीपी ने सीएम योगी को सौंपा 20 करोड़ का चेक

Share

लखनऊ :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुधवार को पुलिस महानिदेशक हितेश चंद्र अवस्थी ने पुलिस विभाग की ओर से 20 करोड़ की धनराशि का चेक प्रदान किया। यह राशि प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा स्थापित कोविड केयर फंड में जमा होगी। उप्र पुलिस ने अपने एक दिन का वेतन कोरोना से जंग के लिए इसमें दान किया है। मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन में पुलिस के किए जा रहे कार्यों को सराहा और महकमे की तारीफ की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी उत्तर प्रदेश की ओर से यूपी कोविड केयर फंड के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि आज प्रदेश में प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रदान की गई है। 

कोविड के खिलाफ जो लड़ाई चल रही है इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस व पीएसी के जवानों ने जिस प्रकार से अपनी सेवाएं प्रदान की है वह सराहनीय है। इन्होंने जब समाज से जुड़ी समस्याएं थी तब भी अपनी प्रतिबद्धता के साथ काम किया, बल्कि कुछ राज्यों से बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश आने वाले लोगों को सेवा के साथ उनके गंतव्य तक पहुंचाने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 दिनों के लॉकडाउन तक इन लोगों ने भोजन और अन्य सहायता का काम किया। इससे पुलिस की एक नई छवि बनी है। सुरक्षा को लेकर भी जनता और पुलिस के द्वारा किया गया कार्य बहुत अच्छा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने स्वयं के वेतन में से धनराशि इकट्ठा करके 20 करोड़ की राशि दिए जाने पर आज मैं उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और पुलिस के अधिकारियों को धन्यवाद देता हूं। यह लोग जनता की सेवा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अपनी ओर से पुलिस फोर्स के सभी जवानों को धन्यवाद और बधाई भी दी।