Earth Day पर Google ने डूडल को मधुमक्खियों को समर्पित किया

Share

नई दिल्ली :- भारत सहित पूरे विश्व में बुधवार को 50वां पृथ्वी दिवस मनाया गया। इस मौके पर सर्च इंजन गूगल ने एक खास डूडल तैयार किया और पृथ्वी के सबसे छोटे जीवों में से एक ‘मधुमक्खियों’ और उसके छत्ते को डूडल समर्पित कर दिया है।

गूगल ने डूडल को पृथ्वी और पेड़ों से बनाया है। यहां एक धुमक्खी दिखाई गई है और एक प्ले का बटन मौजूद है। इस बटन को आप जैसे ही क्लिक करते हैं तो आपको एक वीडियो इंट्रो दिखाई पड़ता है। इसमें मधुमक्खियों के महत्व के बारे में बताया गया है, जैसे- मधुमक्खियां परागकण की विधि से दुनियाभर की फसलों का उत्पादन 30 फीसदी बढ़ा देती हैं। इसके बाद एक गेम शुरू हो जाता है। इस गेम में यूजर को मधुमक्खी फूलों पर बैठानी है। गेम के दौरान मधुमक्खियों और पृथ्वी से जुड़ी कई नई जानकारी भी मिलती रहती है।

शहद बनाने वाली मुधुमक्खियां और दूसरे कीट-पतंगे परागकण फैलाने व फूलों के निषेचन में अहम भूमिका निभाते हैं। लेकिन खेतीबाड़ी के आधुनिक तरीक़ों के बीच इन जीवों की संख्या घट रही है, जिससे विश्व कृषि का नुक़सान हो रहा है।

मधुमक्खियां, तितलियां, भंवरे व अन्य कीट-पतंगों की संख्या घटने का मतलब है, फूलों का ठीक से पराग-निषेचन नहीं होगा। निषेचन नहीं होगा, तो फसल भी अच्छी नहीं होगी।

उल्लेखनीय है कि पृथ्वी दिवस एक वार्षिक आयोजन है, जिसे 22 अप्रैल को दुनिया भर में पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्थन प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया जाता है। इसकी स्थापना अमेरिकी सीनेटर जेराल्ड नेल्सन ने 1970 में एक पर्यावरण शिक्षा के रूप की थी। अब इसे 192 से अधिक देशों में प्रति वर्ष मनाया जाता है। यह तारीख उत्तरी गोलार्द्ध में वसंत और दक्षिणी गोलार्द्ध में शरद का मौसम है।