DELHI ASSEMBLY ELECTION : RJD का साथ पसंद नहीं! किया कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन

Share

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए टिकटों के बंटवारे और राजद के साथ पार्टी के गठबंधन को लेकर सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।

पटेल नगर, करावल नगर और किराड़ी विधानसभा निवार्चन क्षेत्रों के सैकड़ों कार्यकर्ता 10, जनपथ के बाहर जमा हुए और लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को चार सीटें देने के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग है कि देश की राजधानी में राजद के साथ किसी भी सीट पर गठबंधन न किया जाए।

कांग्रेस ने अभी तक चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची की घोषणा नहीं की है। दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, वहीं भाजपा ने भी 57 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
कांग्रेस ने दिल्ली में साल 1998 से लेकर 2013 तक, 15 साल शासन किया है, वहीं 2015 के चुनाव में उसे एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं हुई थी। आम आदमी पार्टी ने 67 और भाजपा ने तीन सीटों पर जीत हासिल की थी। दिल्ली में विधानसभा चुनाव आठ फरवरी को होने वाला है और चुनाव का परिणाम 11 फरवरी को घोषित किया जाएगा।