AAP का दिल्ली चुनाव के लिए कैम्पेन सॉन्ग ‘लगे रहो केजरीवाल’ जारी…

Share

दिल्ली में दोबारा जीत के लिए चुनावी मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए पार्टी का थीम सॉन्ग ‘लगे रहो केजरीवाल’ लॉन्च कर दिया। इस गाने को विशाल डडलानी ने तैयार किया है।

थीम सॉन्ग के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया, ”मेरे मित्र विशाल डडलानी ने चुनाव के लिए ये कैम्पेन गीत बनाया है। इसे जरूर सुनें और ज्यादा से ज्यादा लोगों से शेयर करें।”

गौरतलब है कि दिल्ली में 08 फरवरी को 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव के परिणाम 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इस बार यहां मुकाबला मुख्य रूप से आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। 

विधानसभा चुनाव के लिए 14 जनवरी को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जनवरी है जबकि नामांकन पत्र की जांच 22 जनवरी को होगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 24 जनवरी है। मौजूदा दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी 2020 को समाप्त हो रहा है।

दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं जिसमें से 58 सामान्य श्रेणी की हैं, जबकि 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। दिल्ली चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 1,47,03,692 है जिसमें 1,46,92136 सामान्य मतदाता तथा 11,556 सर्विस वोटर हैं। दिल्ली विधानसभा के लिए इस बार कुल मतदान केंद्रों की संख्या 13,750 है। साल 2015 में मतदान केंद्रों की संख्या 11,763 थी। इस प्रकार से इनमें 16.89 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।