2015 के बाद सौरव गांगुली फिर बने बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष

Share

कोलकाता। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को एक बार फिर से बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) का अध्यक्ष चुना गया है। गुरुवार को चुनाव अधिकारी ने इस बात की घोषणा कि और बताया कि गांगुली को सीएबी का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। उनके अलावा चार और अधिकारियों को भी निर्विरोध चुना गया। पूर्व कप्तान अगले साल जुलाई तक सीएबी के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। इसके बाद वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के संविधान के मुताबिक ‘कूलिंग ऑफ पीरियड’ पर चले जाएंगे।

आपको बता दें कि यह दूसरा मौका होगा जब सौरव गांगुली बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष का पद संभालेंगे। गांगुली सीएबी के वर्तमान अध्यक्ष हैं उन्होंने साल 2015 में जगमोहन डालमिया के निधन के बाद पहली बार अध्यक्ष का पद संभाला था। पिछले कार्यकाल में संयुक्त सचिव का पद संभाल रहे डालमिया के बेटे अविशेक डालमिया अब सचिव होंगे।

संयुक्त सचिव के पद के लिए देबब्रत दास को चुना गया है जबकि देबाशीष गांगुली को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। यह सभी अधिकारी शनिवार को होने वाली एजीएम में अपना-अपना पद ग्रहण करेंगे।