अबूझमाड़ में ओरछा के आगे ओरछा-आदेर सड़क निर्माण का कार्य हुआ प्रारंभ

Share

अबूझमाड़ में ओरछा के आगे ओरछा-आदेर सड़क निर्माण का कार्य हुआ प्रारंभ

नारायणपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं नारायणपुर पुलिस के संयुक्त प्रयासें के द्वारा ओरछा से आदेर तक का सड़क निर्माण का कार्य आज साेमवार से प्रारंभ किया गया है। नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सोनपुर, गरपा और कुतुल क्षेत्र में लगातार नियद नेलानार के अंतर्गत विकास के कार्यों से प्रभावित होकर ओरछा क्षेत्र से भी विकास कार्य प्रारंभ करने की मांग आ रही थी। उन्हाेंने बताया कि सड़क के साथ ही विकास की अन्य परियोजनाएं भी ओरछा के आगे सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचेगी। नियाद नेलानार एवं जन-मन के अंतर्गत आवास, बिजली, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधा, खेल मैदान, आंगनवाड़ी इत्यादि की सेवाएं भी सड़क के साथ अंदरूनी क्षेत्रों में पहुंचेगी। उन्हाेंने कहा कि विकास और नक्सल विरोधी अभियान के मिश्रण से नक्सलियों का प्रभाव क्षेत्र लगातार घट रहा है। ग्रामीणों में विकास की उम्मीद और मांग दोनों बढ़ रही है। बहुत जल्द ही अन्य पहुंच विहीन क्षेत्रों में भी सड़क निर्माण और उसके साथ विकास की योजनाओं और परियोजनाओं को तेजी से पहुंचाया जाएगा।

—————