शहडाेल: मालाएं कई होंगी लेकिन वीरन माला हमें सिर्फ आदिवासी समाज से मिलती है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 

Share

शहडाेल: मालाएं कई होंगी लेकिन वीरन माला हमें सिर्फ आदिवासी समाज से मिलती है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 

अनूपपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर आज शहडोल के बाणगंगा मेला मैदान पर राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के आयोजन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, राज्यपाल मंगू भाई पटेल, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह राजेंद्र शुक्ला, सांसद हिमाद्रि सिंह, लघु एवं कुटीर उद्योग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल, मध्यप्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामलाल रौतेल सहित कई प्रमुख नेताओं के साथ स्थानीय विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बाण सागर का पानी शहडोल जिले को सिंचाई और पीने के लिए मिलेगा साथ ही हेलीपैड और हवाई पट्टी का काम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मप्र में 1 करोड़ 21 लाख से ज्यादा जनजाति है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। आज 161 करोड़ के नए भूमि पूजन कर रहा हूं।

राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस शहडोल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 229.66 करोड़ रूपए की लागत के 76 विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया गया। समारोह में लोक कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोक नृत्य गुदुम्ब, शैला, करमा, रीना की प्रस्तुतियां दी गई। साथ ही समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा है कि जनजातीय मामले में देश में सबसे ज्यादा आबादी हमारे मध्यप्रदेश में है। हमारे लिए सौभाग्य की बात है भगवान विरसा मुंडा ने जल जंगल और जमीन की लड़ाई हमारे लिए लड़ी। आदिवासियों के लिए भगवान विरसा मुंडा ने लड़ाई लड़ी है। भगवान राम, भगवान कृष्ण और भगवान विरसा मुंडा ये हमारी गौरवशाली परंपरा है। जैसे भगवान राम ने रावण से युद्ध लड़ा वैसे भगवान विरसा मुंडा ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी। मालाएं कई होंगी लेकिन वीरन माला हमें सिर्फ आदिवासी समाज से मिलती है। 15 नवंबर को आदिवासी गौरव दिवस मनाने का संकल्प हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया उनका अभिवादन करें।

राज्यपाल ने सिलकसेल मिटाने की शुरुआत राज्यपाल के कहने से शहडोल में प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। शहडोल में 229 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं। हमारी आदिवासी बहन को देश का प्रधानमंत्री बनाने का काम किया है। आप जो मांगेंगे वो सब आपको मिलेगा। टंट्या मामा के नाम पर महू के पास रेलवे स्टेशन का नाम किया। बाणसागर के पानी का उपयोग शहडोल में पीने के पानी के लिए किया जाएगा। शहडोल में जल्द एयरपोर्ट का शुभारंभ किया जाएगा। हम बीमार लोगों को हवाई जहाज से अस्पतालों में पहुंचाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर पर भड़के सीएम, पत्रकारों ने जताया विरोध

समारोह में जैसे ही मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के बाद राज्यपाल का उद्बोधन शुरू हुआ। स्थल पर मौजूद पत्रकारों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पत्रकार जिला अस्पताल में पदस्थ सिविल सर्जन डॉक्टर जीएस परिहार का विरोध कर रहे थे। मुर्दाबाद के नारे सुनकर सीएम मंच पर बैठते ही नाराज हो गए। उन्होंने कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह को बुलाया और तल्ख तेवर में फटकार लगाई। उसके बाद कलेक्टर और एसपी मंच से उतरकर सीधे विरोध कर रहे पत्रकारों के बीच पहुंचे। वहां कलेक्टर और पत्रकारों के बीच गहमा गहमी की स्थिति निर्मित हो गई। इसके बाद कलेक्टर वापस मंच की तरफ चले गए। इस दौरान राज्यपाल का उद्बोधन चल रहा था। कुछ देर बाद फिर सीएम और राज्यपाल जनता पर पुष्प बरसाने आए तब भी पत्रकारों ने मुर्दाबाद के नारे लगाकर विरोध जताया। जिस पर सीएम ने कलेक्टर को कुछ आवश्यक निर्देश दिया है।

इनका होगा भूमिपूजन और लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान 229.66 करोड़ रुपए की लागत से 76 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। जिसमें 68.15 करोड़ रुपए की लागत से 33 विकास कार्यों का लोकार्पण और 161.51 करोड़ रुपए की लागत के 43 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। वहीं हितग्राहियों को मसूर किट वितरण, पीएम किसान, सीएम किसान, आहार अनुदान, निःशुल्क साइकिल वितरण, मोटराईज्ड ट्रायसाइकिल, सीसीएल (कैस क्रेडिट लिमिट), मुद्रा लोन, आयुष्मान कार्ड, वन धन योजना आदि का लाभ दिया गया।

आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति देते कलाकार।आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुति

कलेक्टर डॉक्टर केदार सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में पारंपरिक लोकनृत्यों गुदुम्ब, शैला, करमा, रीना नृत्यों की प्रस्तुतियां लोक कलाकारों ने दी। उसके लिए डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला समेत प्रदेश के आदिवासी बाहुल्य जिलों से आदिवासी के कलाकार प्रस्तुति दी।

विभागों की लगाई प्रदर्शनी

कलेक्टर ने बताया कि स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में महिला बाल विकास विभाग, वन विभाग, शिक्षा एवं ट्रायवल विभाग, आजीविका मिशन, हथकरघा विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई है।

दो संग्रहालयों का वर्चुअल लोकार्पण

शहडोल में बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी छिंदवाड़ा के बादल भोई जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय और जबलपुर के राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का वर्चुअल लोकार्पण किया।

—————