केन्द्रीय मंत्री अठावले बोले- राहुल गांधी का प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा होना मुश्किल

Share

ग्वालियर, 24 मई । केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने ग्वालियर प्रवास के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का भविष्य विपक्ष के नेता के रूप में अच्छा हो सकता है, लेकिन प्रधानमंत्री बनने का उनका सपना पूरा होना मुश्किल है।

केन्द्रीय मंत्री रविवार शाम को मध्य प्रदेश के ग्वालियर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी भले ही देश का प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हों, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में इसकी संभावना नजर नहीं आती। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि देश की जनता लगातार भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है। अठावले ने पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने कई जगह बड़ी जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस बहुमत तक पहुंचने के लिए भी संघर्ष करती दिखाई दे रही है।

केंद्रीय मंत्री अठावले ने प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की जमकर सराहना की। उन्होंने मोदी को देश का “मजबूत प्रधानमंत्री” बताते हुए कहा कि उनकी सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि “मेक इन इंडिया” जैसी योजनाओं ने देश के औद्योगिक विकास को नई गति दी है और भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दलितों, पिछड़े वर्गों और गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ काम कर रही है और समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार की कई योजनाओं का सीधा लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचा है।

रामदास अठावले ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार और वर्तमान मोदी सरकार की आर्थिक स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि जब देश में मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार थी, तब भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें स्थान पर थी, जबकि आज भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की आर्थिक नीतियों और विकास योजनाओं को दिया।

उन्होंने कहा कि जनधन योजना, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं ने देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत किया है। करोड़ों लोगों के बैंक खाते खुलने से आर्थिक पारदर्शिता बढ़ी है और गरीबों तक सीधे सरकारी सहायता पहुंची है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) जल्द ही देश की शीर्ष पांच राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो जाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष के अभिवादन कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी के जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा उनसे एयरपोर्ट पर मिलने पहुंचे थे।

ग्वालियर दौरे के दौरान रामदास अठावले के बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा नेताओं ने जहां उनके बयान का समर्थन किया, वहीं कांग्रेस समर्थकों ने इसे राजनीतिक बयानबाजी करार दिया है।