फतेहाबाद : कब्रिस्तान की जमीन से कब्जा छुड़वाने पर सरपंच को जान से मारने की धमकी  - सरस जनवाद

फतेहाबाद : कब्रिस्तान की जमीन से कब्जा छुड़वाने पर सरपंच को जान से मारने की धमकी 

Share

फतेहाबाद : कब्रिस्तान की जमीन से कब्जा छुड़वाने पर सरपंच को जान से मारने की धमकी 

फतेहाबाद, 8 नवंबर (हि.स.)। जिले के रतिया उप मंडल के गांव घासवा में ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा कब्रिस्तान की जगह से नाजायज कब्जा हटवाने पर गांव के दो युवकों द्वारा सरपंच गुरचरण सिंह को जान से मारने की धमकी देने और जाति सूचक गालियां निकालने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में शुक्रवार को दर्जनों गांववासी एसडीएम जगदीश चंद्र से मिले और उन्हें शिकायत पत्र देकर धमकी देने वाले दोनों लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्राम पंचायत घासवा के सरपंच गुरचरण सिंह, लखविंदर सिंह, हरजीत सिंह, सुखपाल सिंह, गुरदीप सिंह, नानूराम, दर्शन सिंह व अन्य लोगों ने बताया कि गांव के रणजीत सिंह व जसपाल सिंह द्वारा गांव के कब्रिस्तान के रास्ते और कब्रिस्तान की जगह पर नाजायज कब्जा किया गया था, जिसे सरपंच गुरचरण सिंह ने वक्फ बोर्ड की सहायता से नाजायज कब्जा हटवा दिया था और कब्रिस्तान की चारदीवारी व शैड का काम चल रहा है। चारदिवारी की ग्रांट कार्यकारी अभियंता के ऑफिस से आई हुई है, जिसका बकायदा टेंडर भी किया हुआ है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब निर्माण कार्य चल रहा है तो उक्त दोनों व्यक्ति निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं और कब्रिस्तान के बीच में से जबरदस्ती रास्ता मांग रहे हैं। रास्ता न देने पर पंचायत की झूठी शिकायत भी लगाई जा रही है और सरपंच के साथ जान से मारने की धमकी और जाति सूचक गाली-गलौज किया गया है। इस मामले में गांव वासियों ने आज एसडीएम जगदीश चंद्र को शिकायत देकर धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं एसडीएम जगदीश चंद्र का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत की जांच करवरकर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।