बरसाती नाले में नहाने गए दो किशोर डूबे, दीपावली से पहले गांव में छाई शोक की लहर
चित्तौड़गढ़, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के चिकारड़ा क्षेत्र के वजीरपुरा गांव के चार किशोर बरसाती नाले में नहाने गए थे। इनमें से दो किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही कई ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। दो किशोर की मौत के बाद दीपावली से पहले गांव में शोक छा गया।
जानकारी मिली है कि यह दोनों किशोर पिराना रोड स्थित बरसाती नाले में नहाने गए थे। यहां नहाने के दौरान गहरे गड्ढे में अचानक पैर फिसल जाने से कुलदीप (14) पुत्र नानूराम लोहार व दशरथ (14) पुत्र राधेश्याम लोहार पानी में डूब गए। वहीं इनके साथ नहाने आए किशन (13) और धर्मेंद्र लोहार (12) खुद को बचाने में सफल रहे। यह दोनों दौड़ कर गांव में पहुंचे और ग्रामीणों को सूचित किया। इस पर हुक्मीचंद लोहार को फोन पर घटना की सूचना मिलने पर वे तुरंत नानूराम, पृथ्वीराज, भरत लोहार और दिनेश गुर्जर के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता से बचाव कार्य किया। कुलदीप व दशरथ को नाले से बाहर निकाल कर डूंगला अस्पताल पहुंचाया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कुलदीप और दशरथ दोनों गरीब परिवारों से थे। कुलदीप आठ भाई-बहनों में पांचवें नंबर का, जबकि दशरथ चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का है। दशरथ के पिता राधेश्याम मुंबई में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कुलदीप के पिता कंस्ट्रक्शन कंपनी में कारीगर का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही राधेश्याम मुंबई से रवाना हो गए हैं। इनके आने के बाद ही दशरथ के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद वजीरपुरा गांव में शोक की लहर है। मृतक दशरथ के शव को डूंगला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। ग्रामीणों और परिवारजनों में ग़म का माहौल है। डूंगला अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हुए और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का मुआयना किया और एक किशोर कुलदीप के शव का पोस्टमार्टम करवाया। घटना से गांव के लोग भी व्यथित हैं। गरीब परिवारों के बच्चों की इस तरह मौत से पूरा गांव शोकाकुल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बरसाती नालों के पास सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है, जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो।
—————