पंचायत से स्थानांतरित किए गए सचिव को पुन: पदस्थ करने पर ग्रामीणाें ने किया चक्काजाम
कांकेर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के ग्राम पंचायत चबेला के ग्रामीण पंचायत से स्थानांतरित किए गए सचिव को गांव में पुनः पदस्थ किए जाने के विरोध में संबलपुर-दुर्गुकोंदल मुख्य मार्ग पर आज शनिवार काे चक्काजाम कर दिया, जिससे लगभग दो घंटे जाम रहा। इस दौरान तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा, थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख पहुंचे और समझाईश व आश्वासन देकर आंदोलन खत्म कराया। ग्राम पंचायत चबेला के ग्रामीण इस बात पर नाराज थे, कि पंचायत से स्थानांतरित किए गए सचिव को जिला प्रशासन ने पुनः इसी पंचायत में पदस्थ कर दिया। इसको लेकर नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर गए।
ग्रामीण जगजीत नागेश, गुलाब देहारी ने बताया कि ग्रामीणों के आवेदन को जिला प्रशासन को भेजने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया है। प्रशासन द्वारा सचिव की शिकायत पर यहां से हटाकर भानबेड़ा का सचिव बनाया गया था। प्रशासन ने आदेश को निरस्त कर पुनः सचिव निधि राजपूत को चबेला किया गया। पिछले दिनों आवास योजना के लिए जियोटेक करने वाले मेट ने हितग्राहियों से पैसा लिया गया है। इसकी शिकायत कलेक्टर से किया गया। इसकी जांच प्रशासन ने कराई। मेट पर कार्रवाई करते हुए बर्खास्त कर दिया गया। ग्रामीणों ने सचिव को भी हटाने की मांग की, उन्हें भानबेड़ा स्थानांतरित किया था।
पंचायत की सचिव निधि राजपूत ने कहा कि शासन के आदेश अनुसार में कार्य कर रही हूं। उन्होंने मेरा स्थानांतरण किया था, तो मैं उस ग्राम पंचायत चली गई थी। वापस मेरा स्थानांतरण निरस्त कर वापस चबेला में किया गया। शासन-प्रशासन मुझे जहां आदेश करेंगे वहां कार्य करूंगी।
—————